Chandigarh: चंडीगढ़ की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण परियोजना सातों दिन 24 घंटे पेयजलापूर्ति प्रोजेक्ट पर नगर निगम और एजेंसी फ्रांस द डेवलपमेंट (एएफडी) के बीच समझौता हो गया। शुक्रवार को दोनों तरफ से इस समझाौते पर हस्ताक्षर किया गया। स्मार्ट सिटी परियोजना की मुख्य कार्यकारी अधिकारी आनिंदिता मित्रा ने बताया कि, इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य चंडीगढ़ को 24 घंटे पीने का पानी सप्लाई करने के अलावा तेजी से घट रहे चंडीगढ़ के भूजल को बचाना है। इस समझौते के अनुसार, शहरवासियों को वर्ष 2028 तक 24 घंटे लगातार पीने के पानी की सुविधा मिलने लगेगी।
समझौते पर हस्ताक्षर करते निगम और एएफडी के अधिकारी
बता दें कि, आज से 7 वर्ष पहले इस प्रोजेक्ट की घोषणा की गई थी और इस साल 14 सितंबर को क्रेडिट फैसिलिटी एग्रीमेंट को लेकर केंद्र के इकोनॉमिक अफेयर्स विभाग और फ्रेंच एजेंसी के बीच सहमति बनी थी। शहरवासियों को लंबे समय से इस प्रोजेक्ट के शुरू होने का इंतजार था। समझौता होने के बाद अब जनवरी माह से निर्माण कार्य का टेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगा। जिस भी एजेंसी को यह प्रोजेक्ट मिलेगा, उसे इस काम को पांच वर्षों में पूरा करना होगा। क्योंकि नगर निगम की तरफ से वर्ष 2028 तक शहर को 24 घंटे पानी सप्लाई का लक्ष्य रखा गया है।
