Chandigarh: चंडीगढ़ वासियों का न्यू ईयर सेलिब्रेशन इस बार खास होने वाला है। चंडीगढ़ पर्यटन विभाग पहली बार नए साल के मौके पर शहर के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर विशेष म्यूजिकल इवेंट का आयोजन करने जा रहा है। इन म्यूजिकल इवेंट में शहरवासियों और चंडीगढ़ घूमने के लिए आने वाले पर्यटकों के मनोरंजन के लिए बॉलीवुड और पंजाब के सिंगरों के अलावा हरियाणा, उत्तर भारत, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों के लोक कलाकारों को भी बुलाया जाएगा। इन म्यूजिकल इवेंट में आने वाले पर्यटक कई भाषा में संगीत का आनंद उठा सकते हैं। इस इवेंट की सबसे बड़ी बात यह है कि, इसमें किसी तरह की एंट्री फीस नहीं ली जाएगी।
चंडीगढ़ पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में प्रस्तुती देते लोक कलाकार
बता दें कि, नए साल पर कई राज्य के पर्यटक चंडीगढ़ घूमने आते हैं। खास तौर पर युवा चंडीगढ़ के क्लब और डिस्को में न्यू ईयर सेलिब्रेशन करने आते हैं। पर्यटकों का चंडीगढ़ शहर के प्रति इस लगाव देखकर पर्यटन विभाग ने भी पहली बार न्यू ईयर सेलिब्रेशन करने का निर्णय लिया है। इस म्यूजिकल इवेंट की एक और बड़ी बात यह है कि, यह सिर्फ 31 दिसंबर की रात को ही आयोजित नहीं होगी बल्कि न्यू ईयर सेलिब्रेशन का यह कार्यक्रम 28 दिसंबर से शुरू हो जाएगा और 1 जनवरी तक चलेगा। मतलब पर्यटक और शहर के लोग पूरे पांच दिन तक अपने परिवार और दोस्तों के साथ म्यूजिकल इवेंट का आनंद उठा सकते हैं।
इन जगहों पर आयोजित होंगे म्यूजिकल इवेंट
चंडीगढ़ पर्यटन विभाग के निदेशक हरगुनजीत कौर ने बताया कि, नए साल पर जश्न मनाने के लिए इस शहर में उत्तर भारत सहित कई राज्यों के लोग यहां पर आते हैं। यहां आने वाले लोगों और शहर के लोगों को नए साल का खास तोहफा देने के लिए इस बार म्यूजिकल इवेंट का आयोजन किया जा रहा है। विभाग की तरफ से न्यू ईयर सेलिब्रेशन की प्लानिंग पूरी हो चुकी है। यह सभी कार्यक्रम सुखना लेक, लैजर वैली सेक्टर-10, सेक्टर-17 प्लाजा, रॉक गार्डन और परेड ग्राउंड सहित न्यू लेक सेक्टर-42 पर आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में बॉलीवुड और पंजाबी सिंगरों के अलावा दूसरे प्रदेशों के लोकगायक भी शामिल होंगे। यह सभी कार्यक्रम शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक आयोजित होंगे। इस कार्यक्रम में चंडीगढ़ शहर की लाइफस्टाइल और शहरवासियों की पसंद का पूरा ध्यान रखा जाएगा। ताकि वे वर्ष 2022 का अंत और नए वर्ष का स्वागत शानदार तरीके से कर सकें।
