Chandigarh Crime: चंडीगढ़ से सटे पटियाला के थाना सिविल लाइन से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक सनकी युवक ने दोस्ती से इंकार करने पर एक छात्रा पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने स्कूल के अंदर घुसकर छात्रा पर तलवार से हमला बोल दिया। छात्रा पर हमला होते देख दूसरे छात्रों ने आरोपी को दबोच लिया, जिससे वह बाल-बाल बच गई, हालांकि इस हमले में छात्रा का एक हाथ बुरी तरह से कट गया। जिसके बाद स्कूल प्रबंधकों ने छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के साथ इसकी जानकारी पुलिस को दी। बाद में आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। स्कूल के अंदर घुसकर छात्रा पर हमले के इस घटना से हड़कंप मचा हुआ है।
दोस्ती से इंकार करने पर स्कूल के अंदर छात्रा पर जानलेवा हमला। (सांकेतिक फोटो)
यह पूरी घटना पासी रोड स्थित निजी स्कूल की है। पुलिस ने युवती के बयानों के आधार पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लहल कॉलोनी का रहने वाला है और वह नाबालिग है। थाना सिविल लाइन इंचार्ज जसप्रीत सिंह काहलों ने बताया कि, आरोपित नाबालिग के खिलाफ पहले भी मारपीट का एक मामला सामने आ चुका है। हालांकि उस समय जांच के बाद इसे छोड़ दिया गया था। हालांकि इस बार उसे गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
तलवार से बचाव में कट गई कई उंगलियां, हाथ में गंभीर चोट
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, अभी तक जांच और घायल छात्रा के बयान के आधार पर पता चला है कि आरोपित नाबालिग और छात्रा की पहले से ही जान पहचान थी। आरोपी, छात्रा से एक तरफ प्यार करने लगा और छात्रा के सामने भी इसका इजहार किया, लेकिन छात्रा ने उसके हिंसक बर्ताव को देखते हुए उसे मना कर दिया और उससे बातचीत भी बंद कर दी थी।
इस वजह से युवक नाराज था और उसे लगातार धमकियां दे रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी नाबालिग शनिवार को तलवार लेकर स्कूल पहुंचा और क्लास से बाहर निकल रही छात्रा को देखते ही उस पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस हमले के बचाव के दौरान छात्रा की हाथ के साथ कई उंगलियां कट गईं। हालांकि आरोपी दूसरा वार करता, इससे पहले दूसरे छात्रों व स्कूल स्टाफ ने उसे दबोच लिया। बाद में छात्रों ने उसकी जमकर धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।
