Vande Bharat Train: दिल्ली और अजमेर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का विस्तार होने वाला है। यह ट्रेन अब चंडीगढ़ तक यात्रा करेगी। यह ट्रेन अजमेर से चलेगी और जयपुर होते हुए दिल्ली जाएगी, दिल्ली के आगे यह ट्रेन चंडीगढ़ तक जाएगी। इस ट्रेन के चलने के बाद अजमेर जाने वाले लोगों को सुविधा होगी। इसके साथ ही इस रूट पर जाने वाले लोगों को यात्रा के लिए एक और विकल्प मिल जाएगा, जो आरामदायक होने के साथ ही कम समय में गंतव्य पर भी पहुंचाएगा। वंदे भारत इस रूट पर 22 जनवरी को पहली बार चलने वाली है। जानकारी के अनुसार अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद इस ट्रेन के संचालन का शेड्यूल जारी किया जाएगा।
वंदे भारत ट्रेन (फोटो साभार - ट्विटर)
सात घंटे में पूरा होगा सफर
अंबाला मंडल रेलवे प्रबंधक मनदीप सिंह भाटिया ने बताया कि यह ट्रेन अभी तक अजमेर-जयपुर-दिल्ली कैंट के रूट पर चल रही थी, जिसे चंडीगढ़ तक बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेन 20977 सुबह 6 बजकर 55 मिनट पर अजमेर से चलेगी। यह ट्रेन 11 बजकर 35 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी। जिसके बाद इस ट्रेन के 2 बजकर 45 मिनट पर चंडीगढ़ पहुंचने की संभावना है। इस ट्रेन के शुरू होने के बाद अजमेर शरीफ के तीर्थयात्रियों को सुविधा होगी। चंडीगढ़ से आने वाले लोग करीब सात घंटे में अजमेर पहुंच सकेंगे।
इन तीर्थशहरों से जुड़ा है चंडीगढ़
चंडीगढ़ शहर वर्तमान में कई तीर्थ शहरों से जुड़ा हुआ है, जिनमें अमृतसर, आनंदपुर साहिब, वाराणसी, ऋषिकेश, हरिद्वार, माता वैष्णो देवी और माता चिंतपूर्णी जैसे शहर शामिल हैं। जिसके बाद अब चंडीगढ़ की कनेक्टिविटी एक और तीर्थ शहर अजमेर से होने वाली है।
