Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट से एक रूह कपा देने वाली घटना सामने आई है। न्यू राजेंद्र नगर के R ब्लॉक स्थित एक मकान के भीतर दो बुजुर्ग महिलाओं के शव संदिग्ध और मृत अवस्था में पाए गए हैं। मृतकाओं की पहचान सरोज और चंद्रकांता के रूप में हुई है। घर के भीतर से दो दिन बाद आई नौकरानी को तेज बदबू आने के बाद इस पूरी घटना का खुलासा हुआ। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक साइंस की विशेष टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
बंद घर में अलग-अलग जगहों पर मिलीं दो बुजुर्ग महिलाओं की लाशें (स्क्रीनग्रैब: ANI)
अलग-अलग जगह पड़ी थीं लाशें, चोट के निशान नहीं
दिल्ली पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों मृत महिलाएं काफी बुजुर्ग थीं, जिनमें से एक की उम्र लगभग 80 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस जब मकान के भीतर दाखिल हुई, तो दोनों महिलाओं की बॉडी घर के भीतर अलग-अलग जगहों पर पड़ी हुई मिलीं। शुरुआती जांच में पुलिस ने बताया कि दोनों ही बुजुर्ग महिलाओं के शरीर पर बाहर से किसी भी तरह की चोट या हमले के निशान दिखाई नहीं दिए हैं। ऐसे में मौत की वजह दम घुटना, जहर या कोई अन्य प्राकृतिक कारण है, इसका सटीक पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
गेट टूटी तो उड़े होश
पड़ोसियों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस घर में पिछले दो दिनों से घरेलू सहायिका (नौकरानी) काम पर नहीं आई थी। आज (गुरुवार) सुबह जब वह दो दिन के बाद काम करने के लिए घर पहुंची, तो उसे मेन दरवाजे के पास से तेज और अजीब सी बदबू महसूस हुई। संदेह होने पर जब आसपास के लोगों की मदद से घर का गेट तोड़ा गया, तो भीतर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। घर के अंदर दोनों बुजुर्ग महिलाओं की लाशें थीं। इसके तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों ने दिल्ली पुलिस को इस मामले की सूचना दी।फॉरेंसिक जांच जारी, हर एंगल खंगाल रही पुलिस
सेंट्रल दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मौत के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पिछले 48 घंटों में घर में किसी बाहरी व्यक्ति की एंट्री हुई थी या नहीं। इसके लिए आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
