शहर

Monsoon 2026: आज कहां तक पहुंचा मानसून, 24 घंटे बाद प्री-मानसून बारिश की एंट्री, कई राज्यों में तेज हवाओं का अलर्ट

देशभर में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। कल से प्री मानसून बारिश की शुरुआत हो रही है। 29 मई से 5 जून के बीच भारत के 80-90 फीसदी हिस्सों में बारिश की संभावना है। इस दौरान राजस्थान, यूपी, बिहार, एमपी समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी हुआ है।

Image

Pre monsoon Weather

Monsoon Update: मानसून का इंतजार कर रहे लोगों को जल्द ही राहत की बारिश मिल सकती है। दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। 27 मई को यह अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों में आगे बढ़ गया है। हालांकि केरल में अभी तक मानसून की आधिकारिक एंट्री नहीं हुई है। लेकिन मौसम विभाग और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के अनुमान के अनुसार 29 मई से 5 जून के बीच देश के 80-90 प्रतिशत हिस्सों में प्री-मानसून बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती है। इससे कई राज्यों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद है।

कहां पर है मानसून

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मानसून दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई इलाकों तक पहुंच गया है। 27 मई को इसकी लक्षद्वीप में भी एंट्री हो गई है। अगले 2-3 दिनों में मानसून के और आगे बढ़ने के लिए भी परिस्थितियां अनुकूल हैं। हालांकि केरल में मानसून अभी तक नहीं पहुंच पाया है, क्योंकि वहां जरूरी नमी और लगातार बारिश के हालात नहीं बन सके है। लेकिन 1 जून यानी अपने तय समय पर इसके केरल पहुंचने की प्रबल संभावना है।

कश्मीर से कन्याकुमारी तक बारिश के आसार

यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स (ECMWF) ने पूर्वानुमान बताया है कि दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर राज्यों और बंगाल की खाड़ी से सटे इलाकों में अगले 8 दिनों के दौरान भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान कई राज्यों में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि भी देखने को मिल सकती है।

29 मई से आंधी-बारिश का दौर शुरू

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार यानी 29 मई से राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 15 से ज्यादा राज्यों में मौसम बदलने वाला है। इस दौरान बिहार के 32 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं राजस्थान के जयपुर समेत 11 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। इसके अलावा पहाड़ी राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में बीते कई दिनों से बारिश का सिलसिला देखने को मिल रहा है। साथ ही पूर्वोत्तर में भी कई जगहों पर बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में बारिश के कारण कई राज्यों में तापमान 3 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article