Hottest City in India: उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक इन दिनों आसमान से आग बरस रही है। बुधवार, 27 मई को राजस्थान का श्रीगंगानगर जिला 47.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ पूरे भारत में सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर के लिए यह इस सीजन का सबसे उच्चतम तापमान रहा। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मई के आखिरी दिनों में फिलहाल इस भीषण गर्मी और जानलेवा लू (Heatwave) से राहत मिलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है।
राजस्थान में हीटवेव का टॉर्चर: चूरू, बीकानेर और भीलवाड़ा में 45 के पार
पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान के पश्चिमी और उत्तरी इलाकों में सूर्य की सीधी और तेज धूप के कारण सुबह से लेकर देर शाम तक भीषण लू का प्रभाव बना रहा। श्रीगंगानगर में जहां पारा 47.2°C पहुंच गया, वहीं चूरू, बीकानेर, पिलानी, जैसलमेर, फलोदी और भीलवाड़ा में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर ही रिकॉर्ड किया गया। दिन के साथ-साथ अब रातें भी भट्टी की तरह तपने लगी हैं। कोटा, फलोदी और हनुमानगढ़ में रात का न्यूनतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। इसमें कोटा में बुधवार की रात इस सीजन की सबसे गर्म रात रही।
आज देश के कई इलाकों में हीटवेव का IMD अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार, 28 मई को देश के कई हिस्सों के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है। पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में भीषण लू (Severe Heat Wave) चलने की प्रबल संभावना है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, कोंकण और गोवा, ओडिशा, तेलंगाना और पश्चिमी मध्य प्रदेश में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। गुजरात, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और ओडिशा में मौसम बेहद गर्म और उमस भरा (Hot and Humid) रहेगा। इसके अलावा ओडिशा में रात के समय भी गर्म हवाएं चलने (Warm Night) की चेतावनी दी गई है।
जयपुर सहित 11 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
भीषण गर्मी के बीच राजस्थान के नागरिकों के लिए एक राहत भरी खबर भी है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, आज दोपहर के बाद राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर-पूर्वी जिलों में मौसम का मिजाज बदलेगा। मौसम विभाग ने जयपुर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर और टोंक सहित 11 जिलों के लिए दोपहर बाद तेज आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, इस आंधी-बारिश से तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट होने की संभावना नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
