Delhi NCR News: बढ़ते प्रदूषण के बीच बाहरी खेलों के आयोजन पर फुल स्टॉप! बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर CAQM का निर्देश

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने सभी बाहरी खेल गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाने का आदेश दिया है। आयोग ने स्कूलों और खेल संस्थानों को बच्चों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरे से बचाने के लिए निर्देशित किया है। इसके साथ ही, नवंबर और दिसंबर में प्रस्तावित सभी शारीरिक खेल प्रतियोगिताओं को टालने की अपील की गई है।

Delhi NCR Outdoor Sports Ban: वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली और एनसीआर के राज्य प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रकार की बाहरी शारीरिक खेल गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाई जाए। आयोग ने स्पष्ट किया है कि खराब वायु गुणवत्ता की स्थिति में इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। शनिवार को जारी एक पत्र में आयोग ने दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिवों को अवगत कराया कि 19 नवंबर को उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी आदेशों के अनुरूप निर्देश दिए जाने के बावजूद दिल्ली-एनसीआर के कुछ स्कूल और संस्थान अब भी खुले में खेल गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है। सीएक्यूएम का कहना है कि खराब वायु गुणवत्ता की स्थिति में बाहरी शारीरिक गतिविधियों का आयोजन करना उच्चतम न्यायालय की टिप्पणियों और आयोग द्वारा जारी निर्देशों की मंशा के अनुरूप नहीं है।

CAQM in Delhi-NCR Orders Immediate Ban on Outdoor Sports (Symbolic Photo: Canva)

दिल्ली-NCR में CAQM ने आउटडोर स्पोर्ट्स पर तुरंत रोक लगाने का आदेश दिया (सिंबॉलिक फोटो: Canva)

नवंबर और दिसंबर में खेल प्रतियोगिताओं को टालने की अपील

आयोग ने 19 नवंबर को जारी अपने पत्र में नवंबर और दिसंबर माह के दौरान प्रस्तावित सभी शारीरिक खेल प्रतियोगिताओं को टालने की अपील की थी। आयोग ने एनसीआर की राज्य सरकारों और दिल्ली सरकार से अपने पहले जारी निर्देशों का तुरंत और कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। इसके साथ ही सभी स्कूलों, शिक्षण संस्थानों, खेल संगठनों और स्थानीय प्रशासन को खुले में होने वाली शारीरिक खेल गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आवश्यक आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग ने यह भी कहा है कि स्कूलों और अभिभावकों को इससे जुड़े स्वास्थ्य खतरों के प्रति जागरूक किया जाए। सीएक्यूएम ने शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए अपनी नियंत्रण योजना के सबसे कड़े ‘ग्रैडेड रिस्पांस एक्शन प्लान’ (GRAP) के चौथे चरण को लागू कर दिया, जिसमें सभी निर्माण और ध्वस्तीकरण कार्यों पर तत्काल रोक लगाई गई है।

End of Feed