Datia News: मध्य प्रदेश के दतिया के भांडेर में शनिवार, 4 मई को प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की चुनावी सभा थी, जिसके चलते कई पुलिसकर्मियों और बीएसएफ जवानों की तैनाती की गई थी। सभा में ड्यूटी पूरी करने के बाद घर लौट रहे BSF के जवानों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में करीब 28 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे की सूचना प्राप्त करते ही मौके पर पुलिस टीम और अन्य अधिकारी पहुंचे। पुलिस ने हादसे में घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दतिया में ड्यूटी से लौट रहे बीएसएफ जवानों की पलटी
बस पलटने की ये घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मोहना हनुमान मंदिर के पास की है। बताया जा रहा है कि बस में कुल 40 जवान थे। बस पटलने की सूचना मिलते ही प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों से मुलाकात की। साथ ही डॉक्टरों और प्रशासन को हर संभव उपचार प्रदान करने की हिदायत भी दी।
टैक्सी को बचाने के प्रयास में हुई घटना
हादसे की अधिक जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि बीएसएफ जवान भांडेर में मुख्यमंत्री मोहन यादव की चुनावी रैली में ड्यूटी करके लौट रहे थे। वापसी के दौरान दतिया के बाहरी इलाके में मोहना हनुमान मंदिर के पास एक टैक्सी को बचाते समय बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित होने से बस पलट गई और दुर्घटना की शिकार हो गई। जवानों को बस से बाहर निकालकर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
