Gujarat: आणंद में सांसद मितेश पटेल के बयान से गरमाई राजनीति, कहा- कांग्रेस जीती तो ग्रांट नहीं देंगे

गुजरात के आणंद जिले के आंकलाव में एक सार्वजनिक सभा के दौरान बीजेपी सांसद मितेश पटेल के बयान ने सियासी माहौल को गरमा दिया है। कांग्रेस की एक भी सीट जीतने पर ग्रांट रोकने की बात कहे जाने से विवाद खड़ा हो गया है।

ंGujarat News: गुजरात के आणंद जिले के आंकलाव में आयोजित एक सार्वजनिक बैठक में सांसद मितेशभाई पटेल के बयान ने सियासी माहौल को गर्मा दिया है। डिप्टी चीफ मिनिस्टर की मौजूदगी में दिए गए इस बयान में सांसद ने साफ तौर पर कहा कि अगर कांग्रेस एक भी सीट जीतती है, तो उस क्षेत्र को ग्रांट नहीं दी जाएगी। सांसद ने अपने भाषण में कहा कि, “अगर कांग्रेस जिला पंचायत या तालुका पंचायत में एक भी सीट जीतती है, तो हम उसे एक भी रुपये की ग्रांट नहीं देंगे। मैं खुद यह सुनिश्चित करूंगा कि कोई फंड न जाए।” उन्होंने पिछली घटनाओं का जिक्र करते हुए दावा किया कि पहले भी कुछ क्षेत्रों में ग्रांट रोकी गई थी, जिसके चलते स्थानीय प्रतिनिधियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था।

BJP MP Miteshbhai Patel

भाजपा सांसद मितेशभाई पटेल

राजनीतिक विवाद हुआ तेज

साथ ही उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं के समर्थन में खड़े रहने और विपक्ष को “वॉशआउट” करने की बात भी कही। इस बयान के सामने आते ही राजनीतिक विवाद तेज हो गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे सत्ता का अहंकार और जनता के साथ अन्याय बताया। चावड़ा ने कहा कि, “जनता के टैक्स के पैसे से मिलने वाली ग्रांट को रोकने की धमकी देना पूरी तरह गलत है। यह पैसा किसी नेता का निजी नहीं, बल्कि जनता का है। चुने हुए प्रतिनिधियों का काम विकास करना है, न कि वोट के आधार पर भेदभाव करना।” उन्होंने आगे आरोप लगाया कि इस तरह की बयानबाजी पहली बार नहीं हो रही है और पहले भी कई नेताओं द्वारा वोट के बदले विकास की शर्तें रखी गई हैं। चावड़ा ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से भी इस पर स्पष्ट रुख लेने की मांग की है।

End of Feed