गंगा एक्सप्रेसवे पर BJP विधायक की फॉर्च्यूनर का भीषण हादसा,टायर फटने के बाद पोल से टकराई गाड़ी, देखें वीडियो

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक चंद्रपाल सिंह की फॉर्च्यूनर कार का टायर फट जाने से अनियंत्रित हो गई, जिससे वे घायल हो गए हैं। गाड़ी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

गंगा एक्सप्रेसवे पर एक फॉर्च्यूनर कार के अनियंत्रित होकर पोल से टकराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो और सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, यह कार बुलंदशहर के डिबाई से बीजेपी विधायक चंद्रपाल सिंह की बताई जा रही है।हादसा इतना जोरदार था कि तेज रफ्तार एसयूवी सड़क से उतरकर किनारे की मिट्टी में काफी दूर तक घिसटती चली गई और फिर एक पोल से जा भिड़ी। दुर्घटना में विधायक समेत दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

टायर फटने के बाद बेकाबू हुई कार

हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें दिखाई देता है कि एक्सप्रेसवे पर चल रही फॉर्च्यूनर अचानक नियंत्रण से बाहर हो जाती है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान गाड़ी का टायर फट गया। इसके बाद वाहन सड़क से नीचे उतर गया और किनारे मौजूद मिट्टी वाले हिस्से में काफी दूरी तक घिसटता रहा। कुछ दूर जाने के बाद कार एक पोल से टकराकर रुक गई। हादसे के दौरान वाहन में सवार विधायक सहित दो लोग घायल हो गए।

लखनऊ से गाजियाबाद लौटते समय हादसा

जानकारी के मुताबिक चंद्रपाल सिंह लोधी लखनऊ से गाजियाबाद की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। विधायक को बाद में बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के एम्स ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे की वजह के तौर पर फिलहाल टायर फटने की बात सामने आई है। पुलिस और संबंधित अधिकारी दुर्घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रहे हैं।

इस घटना के बारे में चंद्रपाल सिंह के भतीजे चुन्नीलाल ने बताया कि विधायक की कॉलरबोन और चार पसलियों में चोटें आई हैं। फिलहाल उनका इलाज दिल्ली के एम्स में चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया है कि सूजन है और इसे कम होने में लगभग दो दिन लगेंगे,जिसके बाद उनका ऑपरेशन किया जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि एसयूवी चालक और गनर को मामूली चोटें आई हैं।

End of Feed