दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की अदालत में एक बेहद असामान्य घटना सामने आई, जब सुनवाई के दौरान कथित तौर पर अश्लील वीडियो चल गए। जानकारी के अनुसार, यह वीडियो वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग (VC) सिस्टम के जरिए प्ले हुए। बताया जा रहा है कि यह वीडियो यूजर्स श्रीधर सरनोबत और शीतजीत सिंह के अकाउंट से प्ले हुए।
दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की कोर्ट में अजीब घटना (प्रतीकात्मक फोटो)
मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया की एक डिवीजन बेंच कार्यवाही कर रही थी, तभी दोपहर में यह घटना पहली बार हुई।
घटना के तुरंत बाद कोर्ट के VC सिस्टम को बंद कर दिया गया
घटना के तुरंत बाद कोर्ट के VC सिस्टम को बंद कर दिया गया, ताकि आगे किसी भी तरह की व्यवधान या दुरुपयोग को रोका जा सके। जिस अकाउंट से वीडियो प्ले हो रहा था, वहां से एक ऑटोमेटेड वॉइस मैसेज भी सुनाई दिया—“You’ve been hacked”। इससे साइबर हमले (Cyber Attack) की आशंका और मजबूत हो गई है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) इंटरफेस पर संभावित साइबर अटैक की जांच
प्रारंभिक संकेतों के आधार पर दिल्ली हाईकोर्ट के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) इंटरफेस पर संभावित साइबर अटैक की जांच की जा रही है। दिल्ली हाईकोर्ट के वीडियो कांफ्रेंसिंग लिंक पर हुए संभावित साइबर अटैक की जांच दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट को सौंपी गई है, IFSO यूनिट पूरे मामले की आगे जांच करेगी।
IFSO यूनिट पूरे मामले की आगे जांच करेगी
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि उन्होंने रजिस्ट्रार जनरल को निर्देश दिया है कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान अश्लील सामग्री चलाए जाने की घटनाओं को देखते हुए कार्रवाई की जाए। इस घटना के पीछे का मकसद अभी साफ नहीं है। बताते हैं कि मुख्य न्यायाधीश की अदालत में बुधवार का दिन जनहित याचिका (PIL) के लिए तय होता है। हाई कोर्ट प्रशासन ने दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ़्यूज़न एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशंस यूनिट में एक शिकायत दर्ज कराई है, जिसने इस मामले की प्रकृति और गंभीरता की जांच के लिए एक शुरुआती जांच शुरू कर दी है।
