Patna Sadaqat Ashram Video: बिहार कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस की छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान पत्रकारों के साथ कथित तौर पर मारपीट की। इस घटना से वहां मौजूद मीडिया कर्मियों में भारी नाराजगी है। पत्रकार, फोटोग्राफर और कैमरामैन इस संवाददाता सम्मेलन में शामिल होने के लिए ऐतिहासिक सदाकत आश्रम पहुंचे थे।
कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से मारपीट (फोटो साभार- TNN)
NSUI कार्यकर्ताओं और पत्रकारों में हुई झड़प
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को एनएसयूआई के प्रभारी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के नेता कन्हैया कुमार समेत विभिन्न लोग संबोधित करने वाले थे। मीडिया को भी इसी आधार पर बुलाया गया था। हालांकि, जब पत्रकारों को पता चला कि कन्हैया कुमार शहर में मौजूद नहीं हैं, तो वे नाराज हो गए। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में अधिक संख्या में मीडिया कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए उन्हें गुमराह किया गया। स्थानीय एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कन्हैया कुमार के आने की गलत सूचना दी, जिससे पत्रकारों को अपना समय बर्बाद होने का एहसास हुआ।
कांग्रेस ने किया आरोपों से इनकार
वहीं, कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने इस आरोप से इनकार किया है। पार्टी का कहना है कि सुबह जारी किए गए आमंत्रण में कन्हैया कुमार का नाम शामिल था, लेकिन संवाददाता सम्मेलन शुरू होने से करीब आधे घंटे पहले जारी संशोधित सूचना में स्पष्ट कर दिया गया था कि वह कार्यक्रम में उपस्थित नहीं होंगे। इसलिए गुमराह करने का आरोप गलत है। इसके कुछ ही देर बाद कुर्सी को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि बैठने की व्यवस्था को लेकर एनएसयूआई के एक कार्यकर्ता और फोटो पत्रकार के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर हाथापाई हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- छाती पर गोली खाने की बात क्यों कह गए बाबा बागेश्वर
पत्रकार संगठनों ने की कार्रवाई की मांग
एनएसयूआई के कुछ पदाधिकारियों ने नाराज पत्रकारों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन पत्रकार अपनी मांग पर अड़े रहे। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की और संवाददाता सम्मेलन का बहिष्कार कर दिया। इस झड़प में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पत्रकार संगठनों ने इस घटना की निंदा की है और कार्रवाई की मांग की है।
