Lalu Prasad Yadav 79th Birthday: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन गुरुवार को पूरे बिहार में बेहद उत्साह, उमंग और धूमधाम के साथ मनाया गया। पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास पर सुबह से ही जश्न का माहौल देखा गया, जहां ढोल-नगाड़ों की थाप पर राजद नेता, कार्यकर्ता और समर्थक झूमते नजर आए।
पटना में RJD सुप्रीमो लालू यादव के जन्मदिन पर ग्रैंड जश्न, 79वें बर्थडे पर काजू-किशमिश से बना 79 किलो का लड्डू केक लाए कार्यक्रता
लालू प्रसाद यादव के 79वें जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए एक राजद कार्यकर्ता विशेष रूप से काजू और किशमिश से बना 79 किलो का भारी-भरकम लड्डू लेकर राबड़ी आवास पहुंचा, जो दिनभर कार्यकर्ताओं और मीडिया के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।
पूरे परिवार की मौजूदगी में कटा केक, लालू ने स्वीकारा अभिनंदन
जन्मदिन के इस खास मौके पर लालू प्रसाद यादव अपनी पत्नी एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बेटे तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव और बेटी व राजद सांसद मीसा भारती समेत पूरे परिवार के साथ आवास से बाहर आए। लालू यादव को अपने बीच पाकर कार्यकर्ताओं का जोश दोगुना हो गया। लालू यादव ने हाथ हिलाकर सभी समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया और उनके प्रति आभार जताया।
'हमारी उम्र भी लग जाए'- सांसद मीसा भारती
इस भावुक और ऐतिहासिक मौके पर राजद सांसद मीसा भारती ने अपने पिता की लंबी उम्र की कामना की। मीडिया से बात करते हुए मीसा भारती ने कहा, 'मैं भगवान से प्रार्थना करती हूं कि वे उन्हें (लालू यादव) लंबी उम्र दें, हमेशा स्वस्थ रखें और हमारी उम्र भी उनके जीवन में जुड़ जाए। मैं उन सभी राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओं का भी दिल से आभार व्यक्त करती हूं जो सुबह से ही बिहार के कोने-कोने से हमारे आदरणीय नेता लालू प्रसाद यादव जी को शुभकामनाएं देने पहुंचे हैं।'
सामाजिक न्याय और सेक्युलर राजनीति का संकल्प
राबड़ी आवास पर जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस दिन को सामाजिक न्याय के संकल्प के रूप में मनाया। वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देश की राजनीति में लालू यादव के योगदान को याद करते हुए कहा कि बिहार के पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज को सत्ता की मुख्यधारा में लाने और उन्हें आवाज देने में लालू प्रसाद यादव की ऐतिहासिक भूमिका रही है। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्ष राजनीति के उनके विचारों के लिए अपना संघर्ष हमेशा जारी रखेंगे।
