Purnia Bihar News Today: सीमांचल के पूर्णिया जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। जिले के अमौर प्रखंड अंतर्गत तियरपारा पंचायत स्थित असियानी घाट पर बना वर्षों पुराना लोहे का पुल रविवार को अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया। हादसा उस वक्त हुआ जब एक 16 चक्का ट्रक पुल से गुजर रहा था। जैसे ही भारी-भरकम ट्रक पुल के बीचों-बीच पहुंचा, कमजोर और जर्जर हो चुका लोहे का ढांचा अत्यधिक वजन नहीं झेल सका और तेज आवाज के साथ टूटकर परमान नदी में विलीन हो गया।
अमौर के तियरपारा में टूटा पुल
नदी में फंसे चालक व खलासी, SDRF तैनात
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के अनुसार, ट्रक में ड्राइवर और खलासी सवार थे। आशंका जताई जा रही है कि वे दोनों डूबते ट्रक के साथ ही नदी के तेज बहाव या मलबे में फंस गए हैं। हालांकि, हादसे में किसी के हताहत होने अथवा सुरक्षित बाहर निकलने की अभी तक आधिकारिक प्रशासनिक पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सीओ और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) को अलर्ट मोड पर रखकर नदी में सघन तलाश व रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया है।
जलालगढ़-अमौर मार्ग पूरी तरह ठप, दर्जनों गांवों का संपर्क कटा
पुल ढह जाने के कारण जलालगढ़ से अमौर और अररिया जिले के जोकीहाट को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है। इससे आसपास की दर्जनों पंचायतों का जिला मुख्यालय और समीपवर्ती बाजारों से सीधा सड़क संपर्क कट गया है, जिससे आवागमन करने वाले हजारों लोगों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि असियानी घाट पर बना यह लोहे का पुल काफी समय से जर्जर और कमजोर स्थिति में था। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि प्रशासन द्वारा चेतावनी बोर्ड या बैरियर न लगाए जाने के कारण इस जर्जर पुल से बेधड़क भारी व ओवरलोड ट्रक गुजर रहे थे। इसके अलावा, पास में बन रहे नए पक्के पुल के निर्माण में हो रही कछुआ चाल को लेकर भी लोगों में भारी गुस्सा है।
