बारिश के बीच मौत बनकर गिरी आकाशीय बिजली, बिहार में छह की मौत; पिता के साथ 7 साल के बेटे ने भी गंवाई जान

बिहार के बांका में रविवार को मौसम का कहर कई परिवारों पर टूट पड़ा। जिले के अलग-अलग इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में पिता-पुत्र समेत छह लोगों की जान चली गई। खेतों में काम कर रहे लोगों पर बिजली गिरी, जिससे कई गांवों में मातम पसरा गया।

Bihar Lightning Strike: बिहार के बांका जिले में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में एक पिता-पुत्र समेत छह लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने की ये घटनाएं रविवार को जिले के तीन थाना क्षेत्रों में हुईं। अपर समाहर्ता (एडीएम) अजीत कुमार ने मौतों की पुष्टि करते हुए कहा कि संबंधित थाना और अंचल कार्यालयों से रिपोर्ट तलब की गई है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के अनुसार अनुग्रह अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।

Bihar Lightning Strike

बिहार में आकाशीय बिजली का कहर

अधिकारियों के अनुसार, बांका थाना क्षेत्र के खाबा गांव में 35 वर्षीय ब्रह्मदेव यादव और उनके सात वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार धान की रोपनी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इसी दौरान बारिश शुरू होने पर दोनों एक पेड़ के नीचे शरण लेने पहुंचे, तभी उन पर आकाशीय बिजली गिरी और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, इसी थाना क्षेत्र के गोलाहू गांव निवासी 35 वर्षीय इनौद यादव की भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, एक अन्य घटना में लीलाबरन गांव में खेत में काम कर रही 30 वर्षीय सरिता देवी की आकाशीय बिजली से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इसके अलावा, बराहाट थाना क्षेत्र के दफरपुर गांव में 55 वर्षीय मजदूर साधु तांती तथा अमरपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में 35 वर्षीय अजय महतो की भी आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में मौत हो गई।

End of Feed