बिहार में आज का मौसम (18 May 2026): बिहार में जेठ की गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पछुआ हवा के थपेड़ों और तीखी धूप के कारण राज्य का पारा लगातार चढ़ता जा रहा है, जिससे दिन के साथ-साथ अब रातें भी उबलने लगी हैं। बीते रविवार को राज्य के 9 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया, जिसमें रोहतास जिला 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचकर सबसे गर्म रहा। इसके अलावा बक्सर, कैमूर और शेखपुरा में भी पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया, जिसने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है।
उमस और तीखी धूप से झुलस रहे जिले
आज 3 जिलों में 'हीटवेव' का यलो अलर्ट (Bihar Weather Today)
मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को बिहार के तीन प्रमुख जिलों, पूर्वी चंपारण, बक्सर और शेखपुरा में लू का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों ने दोपहर के समय बहुत जरूरी न होने पर लोगों को बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। राजधानी पटना की बात करें तो यहां रविवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक पटना में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और तेज धूप के कारण तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच ही झूलता रहेगा, जिससे फिलहाल बड़ी राहत की उम्मीद नहीं है।भागलपुर में गर्मी का टॉर्चर
दूसरी ओर, भागलपुर और आसपास के इलाकों में मौसम का एक अलग ही रूप दिख रहा है। यहां वास्तविक तापमान भले ही 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया हो, लेकिन हवा की रफ्तार मात्र 3 किमी प्रति घंटा होने के कारण लोगों को 44 डिग्री सेल्सियस जैसी भयंकर उमस का एहसास हो रहा है। IMD के भागलपुर केंद्र के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आ रही अत्यधिक नमी के कारण हवाएं पूरी तरह शांत हैं। शरीर से निकलने वाला पसीना सूख नहीं रहा है, जिससे बेचैनी चरम पर है। मुजफ्फरपुर में भी जेट स्ट्रीम के उत्तर की ओर मुड़ने से 'हाई प्रेशर रिज' बन रहा है, जिससे धूप की तपिश त्वचा झुलसाने वाली महसूस हो रही है।
कल से शुरू होगी प्री-मानसून आंधी और बारिश
इस भीषण उमस और तपिश के बीच मौसम विभाग ने एक बड़ी राहत की खबर भी दी है। हवा की खामोशी को बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट भी घोषित किया है। पूर्वी यूपी और बिहार के ऊपर एक चक्रवाती संचरण (Cyclonic Circulation) बना हुआ है और एक ट्रफ लाइन असम की ओर जा रही है। इसके प्रभाव से मंगलवार की दोपहर बाद प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो सकती हैं, जिससे तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश होने की उम्मीद है।
भागलपुर और मुजफ्फरपुर में अलर्ट
भागलपुर में 19 और 20 मई को आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी का अनुमान है, जबकि 21 से 23 मई के बीच पूरे क्षेत्र में तेज आंधी, बादलों की कड़कड़ाहट और वज्रपात (बिजली गिरने) के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बारिश से उमस से तो थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन दिन और रात के मुख्य तापमान में कोई बड़ी गिरावट दर्ज नहीं की जाएगी। ऐसे में लोगों को सचेत रहने और आंधी-तूफान के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की हिदायत दी गई है।
