अनंत सिंह की विधायकी छीनने की तैयारी, JDU प्रदेश अध्यक्ष ने स्पीकर को सौंपा सबूत, पत्नी नीलम देवी से छीना राज्य मंत्री का दर्जा

JDU से निष्कासित मोकामा विधायक अनंत सिंह की विधायकी रद्द कराने पार्टी प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा 10 पन्नों के सबूत व वीडियो के साथ विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार के पास पहुंचे। वहीं उनकी पत्नी नीलम देवी से राज्य मंत्री का दर्जा छीन लिया गया है।

बिहार की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) से छह साल के लिए निष्कासित किए गए मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की विधायकी खत्म करने की दिशा में पार्टी ने अपना रुख पूरी तरह सख्त कर लिया है। सोमवार को JDU के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा खुद बिहार विधानसभा पहुंचे। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार से मुलाकात कर अनंत सिंह की विधायकी समाप्त करने से संबंधित औपचारिक अनुशंसा पत्र सौंपा।

anant singh umesh kushwaha

सदस्यता रद्द कराने विधानसभा पहुंचे उमेश कुशवाहा (चित्र साभार: Official Facebook)

10 पन्नों और वीडियो फुटेज के साथ पहुंचे अध्यक्ष

JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा पूरी तैयारी के साथ विधानसभा अध्यक्ष के पास पहुंचे। पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने और पार्टी नेतृत्व के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करने के पुख्ता प्रमाण पेश किए गए। अनुशंसा पत्र के साथ पार्टी ने 10 पन्नों की एक विस्तृत दस्तावेज रिपोर्ट सौंपी है। इसमें हाल ही में हुए विधान परिषद (MLC) चुनाव के दौरान अनंत सिंह द्वारा पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ काम करने और विरोधी दल का समर्थन करने के लिखित रिकॉर्ड दर्ज हैं। इसके अलावा, हाल के दिनों में मीडिया और जनसभाओं के दौरान दी गई बयानबाजी, पार्टी विरोधी प्रचार और आतिशबाजी-जश्न के कई वीडियो फुटेज भी सबूत के तौर पर स्पीकर को सौंपे गए हैं। संविधान की दसवीं अनुसूची (दल-बदल विरोधी कानून) के तहत अनंत सिंह की सदस्यता रद्द करने की मांग की गई है।

End of Feed