बिहार सरकार ने शुक्रवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों का तबादला किया तथा कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा। सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, 1992 बैच के आईएएस अधिकारी दीपक कुमार सिंह को राज्यपाल का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।
(प्रतीकात्मक फोटो)
अरविंद कुमार चौधरी गृह विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त
अधिसूचना के मुताबिक, 1995 बैच के आईएएस अधिकारी और मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी को गृह विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वहीं, 2004 बैच के आईएएस अधिकारी और उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार को गृह विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
बिहार मानवाधिकार आयोग की सचिव सीमा त्रिपाठी को अतिरिक्त प्रभार
अधिसूचना के अनुसार 2007 बैच के आईएएस अधिकारी तथा वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह को सामान्य प्रशासन विभाग में सतर्कता आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा, 2009 बैच की आईएएस अधिकारी एवं बिहार मानवाधिकार आयोग की सचिव सीमा त्रिपाठी को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। उधर, 2013 बैच के आईएएस अधिकारी राजीव कुमार श्रीवास्तव को वित्त विभाग में अपर सचिव नियुक्त किया गया ।
सरकार के इस ताजा प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय समन्वय बेहतर बनाने, शासन व्यवस्था को मजबूत करने और नीतियों के क्रियान्वयन में तेजी लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इस बदलाव को लेकर राज्य के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भी काफी चर्चा हो रही है। गौरतलब है कि इससे पहले 15 मई को भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया था और कई विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी थीं।
उसी फेरबदल में 1996 बैच के आईएएस अधिकारी के सेंथिल कुमार को गन्ना उद्योग विभाग से हटाकर श्रम संसाधन एवं प्रवासी मजदूर कल्याण विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
