Bihar Electricity Subsidy News: बिहार सरकार के अधिकारियों ने उस खबर का खंडन कर दिया है जिसमें कहा गया था कि बिहार सरकार उपभोक्ताओं को 100 यूनिट मुफ्त बिजली देने जा रही है। वित्त विभाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा-कुछ संचार माध्यमों में इस प्रकार की सूचना प्रसारित हो रही है कि वित्त विभाग द्वारा प्रत्येक माह 100 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदान किए जाने के प्रस्ताव पर सहमति प्रदान की गई है। इस संबंध में सूचित करना है कि ऐसी कोई सहमति वित्त विभाग द्वारा नहीं दी गई है और इस संबंध में कोई भी निर्णय वित्त विभाग द्वारा नहीं लिया गया है।
100 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की आई थी खबर
इससे पहले खबर आई थी कि बिहार की नीतीश सरकार राज्य के लोगों को बिजली के बिलों में बड़ी राहत देने जा रही है। बताया गया था कि चुनावी साल में सरकार ने आम जनता को ध्यान में रखते हुए 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना तैयार की है। खबरों में कहा गया कि ऊर्जा विभाग द्वारा तैयार इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को वित्त विभाग से भी मंजूरी मिल चुकी है। अब जल्द ही इसे कैबिनेट बैठक में पेश कर अंतिम स्वीकृति दी जाएगी।
कैबिनेट में प्रस्ताव लाने की थी चर्चा
खबर आई थी कि ऊर्जा विभाग ने इस योजना का प्रारूप तैयार कर वित्त विभाग को भेजा था, जिसे अब स्वीकृति मिल चुकी है। कैबिनेट की अगली बैठक में इस प्रस्ताव को रखा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद योजना की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी और लागू करने की प्रक्रिया भी तेजी से शुरू की जाएगी। लेकिन इस बीच अधिकारियों का खंडन आ गया है कि इस तरह का कोई प्रस्ताव नहीं है।
