पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने साफ कर दिया है कि वह अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस हाईकमान उन्हें बदलने का फैसला भी करता है, तब भी वह पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करते रहेंगे। वहीं पंजाब के प्रभारी भूपेश बघेल ने भी कांग्रेस के कार्यक्रमों में नारेबादी करने वालों और हंगामा करने वाले समर्थकों को सख्त ताकीद दी है। बघेल ने कहा है कि वे ऐसा करने वाले नेताओं की रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं, अगर वे नहीं मानते तो रिपोर्ट राहुल गांधी को भेजी जाएगी।
भूपेश बघेल
कार्यक्रमों में हंगामे पर बघेल का सख्त संदेश
भूपेश बघेल ने हाल के दिनों में कांग्रेस कार्यक्रमों में हुई नारेबाजी और हंगामे पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जब से 'हर बूथ, कांग्रेस मजबूत' अभियान शुरू हुआ है, कुछ लोग जानबूझकर कम संख्या में कार्यक्रमों में पहुंचते हैं, हंगामा करते हैं और फिर वहां से चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि वे वास्तव में कांग्रेस कार्यकर्ता हैं तो उन्हें कार्यक्रम में बैठकर संगठन को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए। बघेल ने चेतावनी दी कि ऐसे लोगों की पहचान कर उनकी रिपोर्ट कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भेजी जाएगी और पार्टी के भीतर सक्रिय ऐसे "स्लीपर सेल" के खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यक्रमों में व्यवधान सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के इशारे पर कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले दिन फतेहगढ़ साहिब और मोहाली में किसी प्रकार का विरोध नहीं हुआ, लेकिन जब सरकार ने देखा कि कांग्रेस के कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, तब अपने लोगों को भेजकर नारेबाजी और व्यवधान पैदा कराया गया।
कांग्रेस को पार्टी के भीतर मौजूद "स्लीपर सेल" से भी लड़ना होगा
उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस को सिर्फ भाजपा, अकाली दल, आम आदमी पार्टी और अन्य राजनीतिक दलों से ही नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर मौजूद "स्लीपर सेल" से भी लड़ना होगा। बघेल ने कहा कि जो लोग पार्टी के साथ विश्वासघात करेंगे, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
वड़िंग बोले- संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत किया जा रहा
वहीं, राजा वड़िंग ने बताया कि 'हर बूथ, कांग्रेस मजबूत' अभियान का उद्देश्य ब्लॉक अध्यक्षों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को यह भी समझाया जा रहा है कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के जरिए अन्य राज्यों में कथित तौर पर वोट काटकर भाजपा ने अपनी सरकारें बनाई हैं और पंजाब में भी ऐसी आशंका जताई जा रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची पर लगातार नजर रखने और प्रत्येक वोट की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इससे पहले, बठिंडा में मीडिया से बातचीत के दौरान वड़िंग ने कहा, "मैं इस्तीफा नहीं दे रहा हूं। अगर पार्टी नेतृत्व मुझे बदलने का निर्णय लेता है, तब भी मैं कांग्रेस को मजबूत करने का काम जारी रखूंगा।" उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में उन्होंने पूरी ईमानदारी से पार्टी के लिए काम किया, जिसके परिणामस्वरूप कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव में पंजाब की 13 में से 7 सीटों पर जीत दर्ज की।
पोस्टरों और गुटबाजी से बढ़ी सियासी हलचल
वहीं, सूबे में पोस्टर वार भी जारी हो गया है। यहां के मुक्तसर में भूपेश बघेल के खिलाफ "Go Back Baghel" लिखे पोस्टर लगाए गए। वहीं कुछ पोस्टरों पर राहुल गांधी, पंजाबियों की आवाज सुनिए, चन्नी को लाओ, कांग्रेस की सरकार बनाओ, जैसे स्लोगन लिखे गए थे। बघेल ने इन पोस्टरों के लिए भाजपा और आम आदमी पार्टी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि ऐसे पोस्टर इस बात का संकेत हैं कि कांग्रेस सही दिशा में आगे बढ़ रही है और विपक्ष उससे घबराया हुआ है।भावुक हुए राजा वड़िंग
मुक्तसर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राजा वड़िंग भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, "अकाली दल, भाजपा, आम आदमी पार्टी और हमारे अपने कुछ लोग भी मेरे पीछे पड़े हैं। मेरा एकमात्र 'गुनाह' यह है कि जब कांग्रेस 80 सीटों से घटकर 18 सीटों पर पहुंच गई थी, तब मुझे पार्टी की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें सब कुछ दिया है और उनका मुख्यमंत्री बनने का कोई सपना नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस छोड़ने से बेहतर राजनीति से संन्यास लेना पसंद करूंगा। राहुल गांधी जानते हैं कि राजा वड़िंग मर सकता है, लेकिन भाजपा से कभी समझौता नहीं करेगा।
