Twisha Sharma Case: मॉडल-अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की कथित दहेज हत्या और प्रताड़ना के मामले में मध्य प्रदेश पुलिस मामले के मुख्य आरोपी और पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के बेटे समर्थ सिंह को लेकर भोपाल पहुंची है। 30,000 का इनामी आरोपी समर्थ पिछले 10 दिनों से फरार चल रहा था। शुक्रवार देर रात उसे जबलपुर से गिरफ्तार कर भोपाल लाया गया है। आज विशेष जांच दल (SIT) उसे अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी। SIT प्रमुख ने कहा है कि 7 दिनों की हिरासत की मांग की जाएगी।
आज कोर्ट में होगी समर्थ की पेशी
हाईकोर्ट में याचिका खारिज होते ही सरेंडर करने पहुंचा था आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, समर्थ सिंह ने गिरफ्तारी से बचने के लिए मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय (Jabalpur High Court) में अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) की अर्जी लगाई थी। हालांकि, शुक्रवार को दिन में जब हाईकोर्ट ने उसकी याचिका पर कड़ा रुख अपनाया, तो समर्थ ने अपनी अर्जी वापस ले ली। जमानत का रास्ता बंद होते ही उसके पास आत्मसमर्पण करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था। वह शुक्रवार को जबलपुर जिला न्यायालय परिसर में सरेंडर करने पहुंचा था, जहां मुस्तैद जबलपुर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद मिसरोद के एसीपी रजनीश कश्यप के नेतृत्व वाली SIT उसे रात करीब 01:59 बजे भोपाल के कटारा हिल्स थाने लेकर पहुंची।
दिल्ली AIIMS की टीम भोपाल आकर करेगी दोबारा पोस्टमॉर्टम
बता दें कि इस हाई-प्रोफाइल केस में कल एक और बड़ा मोड़ आया था। मृतका ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा की याचिका पर सुनवाई करते हुए मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराए जाने की अनुमति दे दी है। अदालत ने सख्त निर्देश दिया है कि देश की राजधानी दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक विशेष टीम भोपाल आकर यह दूसरा पोस्टमॉर्टम करेगी। ट्विशा के परिवार का आरोप था कि स्थानीय पुलिस और रसूखदार ससुराल वालों की साठगांठ के चलते पहली रिपोर्ट में साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की आशंका है, इसलिए वे निष्पक्ष जांच के लिए स्वतंत्र डॉक्टरों से री-पोस्टमॉर्टम की मांग कर रहे थे।
क्या है पूरा मामला? शादी के महज 5 महीने बाद मौत
मूल रूप से नोएडा की रहने वाली और 'मिस पुणे' का खिताब जीत चुकीं कम्युनिकेशंस प्रोफेशनल ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। शादी के महज 5 महीने बाद, 12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में स्थित ससुराल में ट्विशा का शव फंदे से लटका मिला था। ट्विशा के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी पर भारी दहेज, गाड़ी और पैसों के लिए मानसिक और शारीरिक दबाव बनाया जा रहा था। मौत से कुछ घंटे पहले भी ट्विशा ने रोते हुए अपनी मां से घर वापसी का टिकट बुक करने को कहा था। भोपाल पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और दहेज निषेध अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है।
पूर्व जज गिरिबाला सिंह को तीसरा नोटिस, CBI जांच की सिफारिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने इस केस की जांच सीबीआई (CBI) से कराने की सिफारिश की है। भोपाल के पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि जब तक केंद्रीय एजेंसी (CBI) औपचारिक रूप से केस को अपने हाथों में नहीं लेती, तब तक स्थानीय पुलिस और SIT पूरी मुस्तैदी से जांच जारी रखेगी। इसके साथ ही, पुलिस से लगातार दूरी बना रहीं आरोपी सास गिरिबाला सिंह को पुलिस ने तीसरा और अंतिम नोटिस जारी कर दिया है। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, जल्द ही उनका बयान भी आधिकारिक रूप से दर्ज किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
