Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में रातीबड़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आनंददीप सिंह भामरा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर पिछले चार महीनों से विश्वविद्यालय परिसर के क्वार्टर में संबंध बनाने का गंभीर आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले से शादीशुदा है। पीड़िता ने जब शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ और पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जानकारी देतीं ACP अंकिता खातरकर
पत्नी को तलाक देने का झांसा देकर मुकरा आरोपी
मामले की जानकारी देते हुए ACP अंकिता खातरकर ने बताया कि पीड़िता ने रातीबड़ थाने में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में पीड़िता ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले शादीशुदा आरोपी ने उससे कहा था कि वह अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करेगा। इसी भरोसे और शादी के झांसे में रखकर आरोपी ने पिछले चार महीने तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में वह शादी करने से मुकर गया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कैसे मिला था कैंपस में आवास?
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी एक कॉफी शॉप में काम करता था। उसकी पत्नी माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में कार्यरत स्टाफ है, जिसके चलते उसे विश्वविद्यालय परिसर में आवास आवंटित किया गया था। रातीबड़ पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े सभी पहलुओं और साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है, ताकि आगे की विधिक कार्रवाई को मजबूत किया जा सके।
