Indore Truck Accident: मध्य प्रदेश के इंदौर में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ जब एक अनियंत्रित ट्रक ने कई राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। यह घटना एरोड्रम रोड पर घटी, जहां ट्रक ने पहले कुछ गाड़ियों को टक्कर मारी और इसके बाद उसमें आग लग गई। जानकारी के मुताबिक, हादसे में मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हुए हैं। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह ने बताया कि ट्रक के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।
इंदौर में अनियंत्रित ट्रक के कारण दर्दनाक हादसा (फोटो: ANI)
डीसीपी जोन-1 कृष्ण लालचंदानी ने जानकारी दी कि ट्रक चालक अत्यधिक नशे में था और वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह गंभीर हादसा हुआ। हादसे के दौरान एक बाइक भी ट्रक की चपेट में आ गई और काफी दूर तक घसीटती चली गई। अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि नौ लोग घायल हैं, जिनमें तीन की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक ट्रक के नीचे आने के बाद उसके अगले हिस्से में आग लग गई। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।
