भोपाल : छिंदवाड़ा में कोल्ड्रिफ दवा पीने से अब तक 24 बच्चों की मौत हो चुकी है। अब तक मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दवा कंपनी का मालिक रंगनाथन, पर्ची लिखने वाले डॉक्टर प्रवीन सोनी और अन्य तीन लोगों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके अलावा दवा कंपनी के मालिक रंगनाथन को पुलिस ने 10 दिन की रिमांड में लिया था। सोमवार को रिमांड खत्म होने के बाद आरोपी रंगनाथन को परासिया कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। दरअसल एसआईटी की टीम ने तमिलनाडु से आरोपी रंगनाथन को गिरफ्तार किया था और छिंदवाड़ा लेकर आई थी। 10 अक्टूबर को आरोपी को परासिया के कोर्ट में पेश किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने रंगनाथन को 10 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया था। सोमवार को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल पहुंचा दिया गया है।
एसडीओपी और केस के जांच अधिकारी जीतेंद्र जाट ने कहा कि आरोपी रंगनाथन को 10 दिन की रिमांड में लिया गया था, जिसमें उससे पूछताछ की गई है। साथ ही दस्तावेज और कुछ साक्ष एकत्रित किए गए हैं, फिलहाल कोर्ट के निर्देश पर आरोपी को जिला जेल में दाखिल किया गया है। उन्होंने कहा की जहां मैन्यु फैक्चरिंग हो रही थी वहां नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था, जितेंद्र जाट ने जानकारी दी कि आरोपी की फैक्ट्री को लेकर जब हमने जांच की तो पता चला कि शैड्यूल एल और एल 1 का पालन नहीं किया जा रहा था और भी कई तत्थ्य मिले हैं जिनके आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
मीडिया को हाथ से इशारा करता हुआ नज़र आया आरोपी
आरोपी को पुलिस ने जब कोर्ट में पेश किया तो उसके हाव भाव काफी चौंकाने वाले थे। दरअसल कोर्ट से बाहर आते समय आरोपी रंगनाथन मीडिया के कैमरे को देखकर हाथ दिखाता हुआ तस्वीरों में कैद हुआ। तस्वीरों में भी देख सकते हैं कि पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपी को कोर्ट से बाहर लाया जा रहा था, तभी काली टीशर्ट पहने और चेहरे पर माक्स लगाया हुआ आरोपी रंगनाथन मीडिया के कैमरे देखकर हाथ दिखाता हुआ नजर आया और फिर हाथ नीचे कर लिया। फिलहाल पुलिस को मामले में कई साक्ष्य और मिले हैं जिसके आधार पर अन्य लोगों को भी मामले में आरोपी बनाया जा सकता है। केस में छिंदवाड़ा पुलिस ने 10 दिनों में चेन्नई और फैक्ट्री में जाकर कई तरह के साक्ष्य अपने कब्ज़े में लिए हैं।
