भोपाल : मध्य प्रदेश में मानसूनी बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। इसका असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है। खासकर, भोपाल में मूसलाधार बारिश जारी है, जिसके चलते राजधानी के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने 30 जुलाई बुधवार को स्कूल बंद रखने के निर्देश जारी किए। देर शाम जिला शिक्षा अधिकारी का आदेश आया, जिसके बाद नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों के बंद रहने की सलाह दी गई। ये निर्देश सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के लिए जारी किए गए हैं। सरकार ने मंगलवार 29 जुलाई को रेनी डे अवकाश घोषित किया था।
भोपाल में बारिश के कारण स्कूलों में अवकाश (फोटो-Istock)
पत्रिका की खबर के हवाले से कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि भारी बारिश की चेतावनी के बाद स्कूल अलर्ट मोड पर रहे और उन्होंने अपने स्तर पर ही स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया। सभी संबंधित स्कूलों ने सुबह से अभिभावकों को रेनी डे का मैसेज भेज दिया था।
कई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित
दरअसल, भोपाल में पिछले कई दिनों से झमाझम बारिश का दौर जारी है। अत्यधिक बारिश के कारण नदी-नालों से लेकर बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कई परिवारों को राहत शिविरों में भेजा गया है। राजधानी के कई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ और जलभराव के हालात बन गए। बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी है। इसी तरह राज्य के कई हिस्सों में भी बारिश दर्ज की गई। राज्य के अधिकांश बांधों का जलस्तर बढ़ रहा है और कई स्थानों पर तो जल निकासी के लिए गेट भी खोलने पड़े हैं।
मौसम विभाग ने राज्य के 20 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में बीते कुछ दिनों से कहीं रुक-रुक कर, तो कहीं भारी बारिश का सिलसिला जारी है। सोमवार की रात को राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हुई।
कहां होगी बारिश?
वहीं मौसम विभाग ने कल तक राज्य के कई जिलों में सामान्य से लेकर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है लो प्रेशर एरिया बना है और ट्रफ लाइन गुजरी है। इस वजह से राज्य के ग्वालियर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड ,दतिया, श्योपुर, टीकमगढ़ आदि में भारी बारिश हो सकती है। वहीं राजगढ़, शाजापुर, देवास, सिवनी, नरसिंहपुर, जबलपुर आदि स्थानों पर भी जोरदार बारिश संभव है।
