Bhopal Suicide Case: भोपाल के इंद्रपुरी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 28 वर्षीय गर्भवती महिला अनुप्रिया सिंह ने ससुराल में हो रहे उत्पीड़न से परेशान होकर आत्मदाह कर लिया। यह घटना शनिवार-रविवार की रात हुई। अनुप्रिया आठ महीने की गर्भवती थी और उसने आत्महत्या से पहले अपने पिता रमेश सिंह से फोन पर बात कर कहा कि उसके पति दीपक सिंह और ससुराल वाले उसे जीने नहीं दे रहे हैं।
गर्भवती महिला ने ससुराल उत्पीड़न के चलते किया आत्मदाह (सांकेतिक फोटो : Canva)
अनुप्रिया की डेढ़ साल पहले दीपक से प्रेम विवाह हुआ था। शुरुआत में परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था, लेकिन बेटी की खुशी के लिए उन्होंने शादी को मंजूरी दे दी और आवश्यक दहेज भी दिया। बावजूद इसके, दीपक दहेज से संतुष्ट नहीं था और अनुप्रिया पर मायके से पैसे लाने का लगातार दबाव बनाता रहा। रमेश सिंह ने बताया कि दीपक, जो जबलपुर का निवासी है, शराब का आदी था और नशे में अक्सर अनुप्रिया के साथ मारपीट करता था।
जानकारी के मुताबिक, गर्भवती होने के बावजूद, उसे उचित देखभाल नहीं मिल रही थी, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में थी। कई बार उसने अपनी पीड़ा माता-पिता से साझा की, लेकिन ससुराल छोड़ने को तैयार नहीं हुई। अंततः, अत्याचार और उपेक्षा से तंग आकर उसने आत्मदाह कर लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
