MP सरकार की बड़ी पहल, गाय और खेती से संवरेंगे गांव; कैबिनेट बैठक में वृंदावन ग्राम योजना पर होगी चर्चा

मोहन कैबिनेट की आज होने वाली बैठक में वृंदावन ग्राम योजना के तहत शुरू होने वाले कार्यों को मंजूरी दी जाएगी। इस बैठक में सिंचाई परियोजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए जाएंगे। इसके अलावा, मुख्यमंत्री मंत्रियों को बारिश और धार्मिक त्योहारों के दौरान सतर्क रहने के निर्देश देंगे।

MP News: मध्यप्रदेश सरकार आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में वृंदावन ग्राम योजना के तहत विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी देगी। यह बैठक लगभग पंद्रह दिन बाद हो रही है। दरअसल केंद्रीय मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुई सुरक्षा समीक्षा बैठक के चलते पिछली कैबिनेट बैठक को टाल दिया गया था। एमपी सरकार ने वृंदावन ग्राम योजना के लिए साल 2025-26 के बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। योजना के तहत ग्रामीणों को पशुपालन से जोड़ते हुए उनकी आय बढ़ाने और जैविक खेती को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Mohan Yadav

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव (फाइल फोटो)

जैविक खेती और पशुपालन को बढ़ावा

वृंदावन ग्राम योजना का उद्देश्य राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में जैविक खेती और पशुपालन को बढ़ावा देना है। इस योजना के तहत उन गांवों को चयनित किया जाएगा, जहां कम से कम दो हजार की जनसंख्या और पांच सौ से अधिक गोवंश हों। सरकार पहले ही प्रदेश के 313 विकासखंडों में एक-एक वृंदावन ग्राम विकसित करने का फैसला कर चुकी है। इन गांवों का चयन प्रभारी मंत्रियों के परामर्श से कलेक्टर करेंगे। इनके कार्यों की निगरानी जिला स्तरीय समिति करेगी।

End of Feed