Bhopal: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ईदगाह हिल्स पर स्थित ब्राइट कॉलोनी को शनिवार रात चोरों ने अपना निशाना बनाया है। चोरों ने घर को बंद पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि जिस घर में चोरी की गई है वह कृषि विभाग से रिटायर्ड अधिकारी मिर्जा इफ्तेखार बेग का था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को बताया गया कि जब परिवार के लोग घर वापस लौटे तो उन्होंने पाया कि घर में रखे उनकी पत्नी और उनकी बेटी की ज्वेलरी गायब थी। जानकारी के अनुसार, चोर के घर से 50 से 60 लाख रुपये की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपियों तलाश शुरू कर दी है।
भोपाल एक घर से लाखों के गहने लेकर फरार हुए चोर (फोटो - iStock)
बंद घर देख चोरों ने बनाया निशाना
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मिर्जा इफ्तेखार बेग अपनी पत्नी रक्षा बेग के साथ परवलिया स्थित दामाद के फॉर्म हाउस गए हुए थे। वे शनिवार शाम करीब 4 बजे घर से निकले और रात लगभग 11:40 बजे लौटे। घर लौटने पर उन्होंने अपना घर का दरवाजा खुला पाया। उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। वह तुरंत अंदर गए तो अलमारी में रखे उनकी पत्नी और बेटी के गहने गायब थे।
घटना के बाद बेग ने अपनी बेटी निदा मिर्जा के साथ शाहजहांनाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि चोरी की गई ज्वेलरी की सूची और बिल बाद में सौंपे जाएंगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम ने भी निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरों का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और कॉलोनी में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है।
