Tikamgarh Honeytrap Case: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में हनीट्रैप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश के मऊरानीपुर के स्यावनी गांव निवासी 52 वर्षीय अधेड़ को जाल में फंसाया। युवती ने पहले उसे टीकमगढ़ बुलाया और फिर उसके साथ अश्लील वीडियो बना लिए। इसके बाद उसे बंधक बनाकर उसके परिवार से 6 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई। युवती और उसके साथियों ने धमकी दी कि अगर रकम नहीं दी गई, तो वीडियो वायरल कर दिया जाएगा और पुलिस में झूठा बलात्कार का केस दर्ज कराया जाएगा।
टीकमगढ़ में हनीट्रैप का मामला
पुलिस ने किया ऐसे गिरफ्तार
इस पूरे मामले की जानकारी अधेड़ के भतीजे ने टीकमगढ़ कोतवाली पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक जाल बिछाया। भतीजे को 6 लाख रुपये की रकम के साथ तय स्थान पर भेजा गया। जैसे ही युवती पैसे लेने पहुंची, पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में युवती ने अपने दो साथियों के नाम भी उजागर किए, जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
राजीनामा के नाम पर ब्लैकमेलिंग
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि युवती इससे पहले भी कई लोगों को झूठे केस में फंसा चुकी है और मोटी रकम वसूल चुकी है। उसके खिलाफ पहले भी दुष्कर्म के आरोप लगाकर राजीनामा के नाम पर ब्लैकमेलिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस मामले में पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 296, 308(5), 127(2), और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। साथ ही युवती को न्यायालय में पेश किया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
