भोपाल : रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस (12197/12198) और ग्वालियर-प्रयागराज एक्सप्रेस (11801/11802) में एक-एक अतिरिक्त स्लीपर कोच स्थायी रूप से जोड़ने का फैसला लिया है। यह बदलाव 19 जुलाई 2025 से चरणबद्ध तरीके से लागू होगा। गाड़ी संख्या 12198 ग्वालियर–भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस में 19 जुलाई से और वापसी गाड़ी 12197 भोपाल–ग्वालियर इंटरसिटी एक्सप्रेस में भी इसी दिन से यह परिवर्तन प्रभावी होगा।
ट्रेन (फोटो-Istock)
रिजर्वेशन में मिलेगी राहत
दैनिक भास्कर की खबर के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 11801 ग्वालियर–प्रयागराज एक्सप्रेस में 20 जुलाई से और वापसी गाड़ी 11802 प्रयागराज–ग्वालियर एक्सप्रेस में 21 जुलाई से स्लीपर कोच जोड़ा जाएगा। इन परिवर्तनों के बाद, इन गाड़ियों में कुल 19 ICF कोच होंगे, जिससे अधिक यात्रियों को सीट मिल सकेगी और रिजर्वेशन में भी राहत मिलेगी। रेलवे प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुविधाओं की आवश्यकता को देखते हुए समय-समय पर कोच वृद्धि जैसी व्यवस्थाएं की जाती रहेंगी।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले आरक्षण की स्थिति की जांच करें और निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचें। यह निर्णय विशेष रूप से ग्वालियर, भोपाल, प्रयागराज और मध्य मार्ग के यात्रियों के लिए लाभकारी होगा, जो लंबे समय से अतिरिक्त कोच की मांग कर रहे थे।
