Indore News: इंदौर में रविवार को आतिशबाजी के दौरान बीजेपी कार्यालय में आग लग गई। प्रधानमंत्री के तौर पर नरेन्द्र मोदी के लगातार तीसरी बार शपथ लेने के मौके पर बीजेपी के नेता जश्न मना रहे थे। तभी आतिशबाजी के दौरान निकली चिंगारी से इंदौर में चार मंजिला पार्टी कार्यालय की छत पर आग लग गई। घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
छत पर रखा था फर्नीचर का सामान
घटना के चश्मदीदों ने बताया कि शहर के जावरा कम्पाउंड क्षेत्र में भाजपा के मुख्य कार्यालय की छत में पार्टी कार्यकर्ताओं की आतिशबाजी के दौरान आग लगी। भाजपा के मीडिया विभाग के एक पदाधिकारी ने बताया कि आतिशबाजी के दौरान पार्टी कार्यालय की छत पर पड़े प्लाईवुड के टुकड़ों, पुराने सोफा, फर्नीचर और अन्य अनुपयोगी सामान में किसी पटाखे के कारण आग लगी। उन्होंने बताया कि आग पर दमकल विभाग की मदद से काबू पा लिया गया और इस घटना में कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ।
