रतलाम : मुख्यमंत्री मोहन यादव के काफिले से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। यहां काफिले में शामिल 19 गाड़ियों के टैंक से पानी मिला डीजल निकला, जिसके बाद प्रशासन ने लापरवाही के चलते पेट्रोल पंप को सील कर दिया। कर्मचारियों की लापरवाही सीएम की सुरक्षा पर भारी पड़ सकती थी। लिहाजा, जिला प्रशासन और पेट्रोलियम विभाग को तुरंत जांच के आदेश दिए गए हैं।
पेट्रोल पंप (फाइल फोटो)
डीजल टैंक में बारिश का पानी
दरअसल, मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल वाहन डोसी गांव स्थित 'भारत पेट्रोल पंप' से डीजल भरवाकर लौटे, लेकिन कुछ ही दूरी पर एक-एक कर कई वाहन बंद हो गए। शुरुआती जांच में सामने आया कि डीजल में पानी मिला हुआ था। जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप पर मेंटेनेंस का कार्य चल रहा था और लगातार बारिश के कारण पानी टैंक में रिस गया, जिससे डीजल की क्वालिटी पर असर पड़ा, जिस कारण वाहनों के इंजन में डीजल की सप्लाई ठीक से नहीं हुई और गाड़ियां बंद होने लगी। लिहाजा, प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शुक्रवार सुबह पेट्रोल पंप को सील कर दिया।
फिलहाल, जिला प्रशासन और पेट्रोलियम विभाग की टीम जांच के लिए सैंपल लैब को भेजे हैं। सीएम काफिले जैसे हाई सिक्योरिटी मामले में इस लापरवाही ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
