MP News: भोपाल के हबीबगंज पुलिस थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय एक ट्यूशन टीचर ने अंग्रेजी शब्द ‘पैरट’ की स्पेलिंग नहीं बताने पर कथित तौर पर एक पांच साल की बच्ची का हाथ मरोड़कर तोड़ दिया। इस मामले में पीड़ित बच्ची के अभिभावकों ने पुलिस में ट्यूशन टीचर के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। यह जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने वीरवार को बताया कि आरोपी ट्यूशन टीचर के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच कर सच्चाई का पता लगाया जा रहा है। हबीबगंज थाना प्रभारी मनीष राज सिंह भदौरिया ने बताया कि, हबीबगंज इलाके में एक ट्यूशन टीचर के खिलाफ शिकायत मिली थी कि, उसने मंगलवार को ‘पैरट’ शब्द की स्पेलिंग नहीं बताने पर एक बच्ची का हाथ बहुत जोर से मरोड़ दिया, जिससे उसका हाथ टूट गया है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)
थाना प्रभारी ने बताया कि, आरोपी ट्यूशन टीचर ने छात्रा के साथ मारपीट करते हुए उसे थप्पड़ भी मारा। वहीं, इस मामले की जानकारी देते हुए गैर-सरकारी संगठन ‘चाइल्ड लाइन’ की संचालिका अर्चना सहाय ने कहा कि, मारपीट में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके दाहिने हाथ की हड्डी टूटी है। उसका भोपाल के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, दूसरी तरफ पुलिस आरोपी ट्यूशन टीचर से पूछताछ करने में जुटी है।
आरोपी ने बच्ची के साथ मारपीट भी की
हबीबगंज थाना प्रभारी ने बताया कि, आरोपी टीचर के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं और किशोर न्याय अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिवार की तरफ से शिकायत मिलने के बाद आरोपी को पुलिस ने मंगलवार शाम को ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित बच्ची के माता-पिता अपनी बेटी को शहर के टॉप स्कूल में दाखिला दिलवाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने अपने घर के पास ही रहने वाले ट्यूटर के पास ट्यूशन पढ़ने के लिए भेजना शुरू किया था। ताकि वह उक्त स्कूल द्वारा ली जाने वाली प्रवेश परीक्षा की अच्छे से तैयारी कर परीक्षा क्लियर कर सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बच्ची ने घर पहुंच कर जब परिजनों को घटना की जानकारी दी तो परिजनों ने आरोपी ट्यूटर को मौके पर ही दबोच लिया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
