Bhopal News: राजधानी भोपाल से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां मौलाना आजाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (मैनिट) के जंगलों में बाघ घुस गया है। बाघ ने अब तक मैनिट परिसर में मौजूद 2 गायों को अपना शिकार बना लिया है। बाघ की तस्वीर सामने आ जाने के बाद वन विभाग ने भी इस बात की पुष्टि कर दी है। विभाग की ओर से बताया गया है कि, ये बाघ सोमवार कैंपस में घुस गया था। लेकिन रविवार सुबह ही ट्रैप कैमरा में इसकी तस्वीर कैद हो गई है।
राजधानी भोपाल में बाघ ने फैलाई दहशत, दो गायों को बनाया शिकार।
बता दें कि डीएफओ आलोक पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि, सोमवार को बाघ मैनिट परिसर में दाखिल हुआ था। तब से परिसर की घनी झाड़ियों और जंगलों में वह मूवमेंट कर रहा है। शनिवार को बाघ के पैरों के निशान भी वन विभाग को मैनिट परिसर में बनी झील के पास मिले हैं। वन विभाग के ट्रैप कैमरे में कैद हुई बाघ की फोटो आ चुकी है।
केरवा के जंगलों को रास्ते आया बाघ
डीएफओ पाठक ने जानकारी देते हुए बताया है कि, ट्रैप कैमरे में फोटो आने के बाद बाघ की पहचान हो गई है। ये युवा नर बाघ टी-1234 है। बाघ केरवा के जंगलों से होता हुआ कलियासोत डैम के रास्ते मैनिट में प्रवेश कर गया है। बाघ की उम्र करीब ढाई साल है। मैनिट परिसर में बाघ ने अभी तक 2 गायों का शिकार कर लिया है। उसके बाद परिसर के आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। हालांकि, संस्थान की क्लासेस रेगुलर संचालित की जा रही हैं। क्योंकि दिन में किसी को कोई खतरा अभी तक नहीं नजर आ रहा है।
परिसर के छात्रों को किया गया सचेत
मिली जानकारी के अनुसार टाइगर की मूवमेंट भी छात्रों और इंसानी चहल-पहल वाले इलाके से अभी तक दूर है। हालांकि छात्रों को प्रशासन ने हिदायत दे दी है कि अंधेरा होने का बाद कोई परिसर के बाहर ना निकले और बहुत ज्यादा जरूरी होने पर गाड़ी में जाएं, पैदल न चलें। बाघ के हमलों के बाद अब परिसर में मौजूद गायों को भोपाल नगर निगम की मदद से परिसर के बाहर शिफ्ट कर दिया गया है।
