Bhopal Crime: भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में दिन दहाड़े बाइक और चांदी की चेन लूट कर भाग रहे दो बदमाशों के रास्ते का रोड़ा एक ऑटो बन गया। ऑटो की वजह से इन बदमाशों को कोलार थाना पुलिस ने वारदात के दो घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लूट की बाइक और चेन को बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान सलमान शेख और शुभम के तौर पर की है। इन दोनों पर पहले से छिनैती के तीन केस चल रहे हैं।
लूटकर भाग रहे दो बदमाश सड़क हादसे के बाद गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)
कोलार थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि, बैरागढ़ चीचली कोलार के रहने वाले तरुण वंशकार यहां के एक शोरूम में काम करते हैं। इन्होंने शिकायत दी थी कि, मंगलवार रात को ये ड्यूटी खत्म होने के बाद ये अपने घर बैरागढ़ चीचली की तरफ जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में उसे दो लोगों ने रोका और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद बदमाशों ने उसकी बाइक और गले में पहनी चांदी की चेन लूट कर फरार हो गए। घटना के बाद तरुण वंशकार ने थाने पहुंच कर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों का हुलिया बताते हुए आसपास के थानों में भी अलर्ट भेज दिया।
ऑटो से टकराकर गिरे और फिर पहुंची पुलिस तो खुल गई पोल
पुलिस के अनुसार, लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश पुलिस से बचने के लिए तेज रफ्तार में भाग रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक एक ऑटो से टकरा गई और वे दोनों गिर कर चोटिल हो गए। इस हादसे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। जिसकी जानकारी मिलने के बाद वहां पर पुलिस पहुंच गई और दोनों पक्षों से पूछताछ करने लगी। इस दौरान बाइक सवार युवका का हुलिया और बाइक देखकर एक पुलिसकर्मी को उन पर शक हुआ और उसने थाने फोन कर बाइक नंबर के बारे में जानकारी ली। बाइक नंबर और दोनों युवक का हुलिया मैच होने के बाद वहां मौजूद पुलिस टीम ने दोनों को दबोच लिया और थाने लाकर सख्त पूछताछ की तो दोनों ने वारदात कबूल कर ली।
