Bhopal News: भोपाल में पुलिस ने एक लुटेरी दुल्हन को पकड़ा है। जिसने एक नहीं, बल्कि 25 लोगों से फर्जी शादी रचाई। जिसके बाद आरोपी महिला ने उनसे लाखों रुपये की ठगी की और फरार हो गई। पुलिस ने स्पेशल टीम का गठन कर आरोपी महिला को कालापीपल इलाके से गिरफ्तार किया। राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले की मानटाउन थाना पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले की जांच में पुलिस को पता चला कि फर्जी शादी कर लोगों को लूटने वाला यह गिरोह भोपाल से चल रहा है। जिसमें कई अन्य सदस्य भी शामिल हैं। जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस तलाश कर रही है।
सांकेतिक फोटो
शादी के 3 दिन बाद सामान लेकर भागी दुल्हन
आरोपी महिला की पहचान यूपी के महराजगंज की निवासी 23 वर्षीय अनुराधा के तौर पर हुई है। जिसने अब तक करीब 25 लोगों से नकली शादी कर उनसे ठगी की है। 3 मई 2025 को विष्णु शर्मा नाम के पीड़ित ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई की। उसे खंडवा के रहने वाले सुनीता और पप्पु मीना ने शादी के लिए अनुराधा की फोटो दिखाई। जब दोनों की शादी हो गई तो उसके तीन दिन बाद अनुराधा गहने, कैश और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला की तलाश शुरू की।
अन्य पीड़ितों से संपर्क कर रही पुलिस
पुलिस ने स्थानीय मुखबिरों की मदद से पन्नाखेड़ी गांव में दबिश देकर अनुराधा को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों में रोशनी, सुनीता, रघुवीर, गोलू, मजबूत सिंह यादव और अर्जन भी शामिल हैं। ये लोग शादी के इच्छुक लोगों से संपर्क करते थे। जिसके बाद उन्हें शादी के लिए लड़की की फर्जी फोटो दिखाते थे और उनसे 2 से 5 लाख तक रुपये वसूलते थे। जब शादी हो जाती थी तो दुल्हन बनी युवती कुछ दिन घर से सारा सामान लेकर फरार हो जाती थी। पुलिस इस मामले में ठगे गए अन्य पीड़ितों से संपर्क कर रही है और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
