अनूपपुर : जिले में लोक निर्माण विभाग की सड़कों के घटिया निर्माण और समय पर काम पूरा न करने के मामलों में कार्रवाई की जाएगी। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने विभाग की टीम द्वारा किए गए रैंडम इंस्पेक्शन के दौरान 35 कार्यों का निरीक्षण किया, जिसमें बैतूल, बालाघाट, श्योपुर, बुरहानपुर, अनूपपुर, मंदसौर और दमोह जिलों के कार्य शामिल थे। निरीक्षण में 14 कार्य लोक निर्माण विभाग के सड़क और पुल, 11 कार्य पी.आई.यू. के भवन, 6 कार्य म.प्र. सड़क विकास निगम, 3 कार्य म.प्र. भवन विकास निगम और 1 कार्य एनएचएआई का था।
सड़क (सांकेतिक फोटो)
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रिपोर्ट की समीक्षा की गई, जिसमें प्रमुख अभियंता और अन्य अधिकारी शामिल थे। जिन एजेंसियों का काम घटिया पाया गया, उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री राकेश सिंह ने 1 जुलाई को एक लाख पौधरोपण करने के निर्देश भी दिए हैं, साथ ही पौधों की सुरक्षा और रखरखाव के लिए जियोटैग फोटोग्राफ्स अपलोड करने का आदेश दिया गया है। सड़क निर्माण के साथ जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 500 लोक कल्याण सरोवरों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री स्वयं 20 सरोवरों का निरीक्षण करेंगे, जबकि अन्य का निरीक्षण मुख्य अभियंता करेंगे। 8, 9 और 10 जून 2025 को चलाए गए निरीक्षण अभियान में चिह्नित सड़कों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश भी दिए गए हैं। सभी अभियंताओं को लोक पथ मोबाइल ऐप में पॉट होल्स और सुधार कार्य की जानकारी दर्ज करने के लिए कहा गया है।
