शहर

बेंगलुरु में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैवलर को मारी जोरदार टक्कर; 3 महिलाओं की मौत

बेंगलुरु में NH-648 पर ट्रक और टेंपो ट्रैवलर वाहन की जोरदार टक्कर में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए। हादसा तब हुआ जब वाहन सर्विस रोड की ओर मुड़ रहा था और तेज रफ्तार से आते ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।। घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Image

फाइल फोटो

Bengaluru Road Accident: बेंगलुरु ग्रामीण जिले के देवनाहल्ली इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक टेंपो ट्रैवलर की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा रानी क्रॉस के पास नेशनल हाईवे-648 पर हुआ, जो होसकोटे और डबासपेट को जोड़ता है।

तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर

पुलिस के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर हाईवे से सर्विस रोड की तरफ मुड़ रहा था। तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भयंकर थी कि वाहन का एक हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

एक महिला बेंगलुरू के अस्पताल में भर्ती

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान 60 वर्षीय जयम्मा, 60 वर्षीय यशोदम्मा और 38 वर्षीय गंगा के रूप में हुई है। ये सभी तुमकुरु जिले के तिपटूर की रहने वाली थीं। वहीं केम्पम्मा नाम की एक महिला हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए बेंगलुरु के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम

हादसे में घायल हुए 8 लोगों में ट्रैवलर का चालक भी शामिल है। सभी घायलों का इलाज देवनाहल्ली के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article