बेंगलुरु : आईटी हब कहे जाने वाले बेंगलुरु में दिनदहाड़े चेन लूटने की कोशिश का मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने पहले दुकान में घुसकर खुद को मुसीबत में बताते हुए छिपने के लिए जगह मांगी। इसके बाद उसने दुकान में मौजूद महिला से सोने की चेन देने को कहा। जब महिला ने इनकार किया तो आरोपी ने उसका गला पकड़ लिया और गर्दन पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी देने लगा। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें हेलमेट पहने एक व्यक्ति महिला को गर्दन से पकड़े हुए दिखाई दे रहा है। वह उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश करता है। हालांकि, आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन शुरुआत में कोई उसे रोकने की हिम्मत नहीं दिखा पाया। बाद में लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और महिला को उसके चंगुल से छुड़ाया।
बेंगलुरु में दिनदहाड़े महिला से चेन लूट की खौफनाक वारदात (फोटो-@DcpEastBcp)
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी की पहचान 40 वर्षीय प्रभु राज उर्फ राजू के रूप में हुई है। वह 31 अक्टूबर को इंदिरानगर की 100 फीट रोड स्थित एक जूते और बैग की मरम्मत करने वाली दुकान में पहुंचा था। उस समय दुकान में 23 वर्षीय महिला रिसेप्शनिस्ट अकेली थी।
महिला सुबह करीब 10 बजे दुकान पहुंची थी। इसके लगभग पौने 12 बजे हेलमेट और दस्ताने पहने आरोपी वहां आया। उसने अचानक रिसेप्शन काउंटर पार किया और महिला से कहा कि कोई उसे मारने के लिए पीछे पड़ा है। इसके बाद उसने महिला को चुप रहने की धमकी दी।
महिला ने जब दुकान के मालिक को फोन करने की कोशिश की तो आरोपी ने उसे जबरन बैठा दिया। उसने महिला का मुंह बंद किया और उसके हाथों को फेवीक्विक से चिपकाने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उसने महिला के मुंह में कपड़ा भी ठूंस दिया, ताकि वह शोर न मचा सके। इसके बाद आरोपी ने महिला के गले से करीब 35 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। इसकी कीमत लगभग 4.5 लाख रुपये बताई गई है।
भीड़ को देखकर महिला को बनाया ढाल
वारदात के बाद आरोपी दुकान से भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान महिला किसी तरह अपने हाथ छुड़ाने में कामयाब रही और उसने अलार्म बजा दिया। शोर सुनकर दुकान के मालिक और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
खुद को घिरता देखकर आरोपी ने महिला को फिर से पकड़ लिया और उसकी गर्दन पर चाकू लगा दिया। उसने लोगों को पास आने पर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान वह महिला को अपने साथ ले जाने की कोशिश भी करता रहा।
आरोपी ने लोगों को डराने के लिए चाकू भी लहराया और बीच-बचाव करने आए दुकान के मालिक पर हमला करने की कोशिश की। हालांकि, स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद इंदिरानगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
ईस्ट बेंगलुरु के डीसीपी विक्रम अमटे के मुताबिक, आरोपी का मकसद महिला की सोने की चेन लूटना था। जब लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने महिला को बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस आरोपी की पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में उसके मानसिक रूप से परेशान और तनाव में होने की बात सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में जांच जारी है।
