Bihar: बेगूसराय में स्वास्थ्य व्यवस्था का लाचार चेहरा, टूटे पैर में प्लास्टर की जगह गत्ता बांधकर ट्रक ड्राइवर को किया रेफर

बिहार के बेगूसराय स्थित साहेबपुर कमाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य कर्मियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सड़क हादसे में घायल ट्रक ड्राइवर के टूटे पैर में प्लास्टर की जगह गत्ता बांधकर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था के दावों की हकीकत बयां करती एक बेहद हैरान करने वाली तस्वीर बेगूसराय जिले से सामने आई है। जिले के साहेबपुर कमाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल ट्रक ड्राइवर के टूटे हुए पैर में डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों ने प्लास्टर या मेडिकल स्प्लिंट लगाने की जहमत तक नहीं उठाई। इसके बजाय, घाव और फ्रैक्चर पर गत्ते का टुकड़ा बांधकर औपचारिकता पूरी कर दी गई और मरीज को आनन-फानन में सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। दर्द से कराहते हुए मरीज की इस हालत ने एक बार फिर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यशैली और संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

begusarai news

पैर में स्प्लिंट की जगह बांध दिया गत्ता

हाईवे पर हुआ था भीषण हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक वाकया मंगलवार सुबह करीब 5 बजे का है। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के एनएच-333 (B) पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। रामपुर से गिट्टी लादकर छपरा जा रहा एक ट्रक अचानक दुर्घटना का शिकार हो गया। घायल ट्रक चालक सुरेंद्र राय ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि अचानक एक ट्रैक्टर अनियंत्रित गति से ओवरटेक करते हुए हमारे सामने आ गया। ट्रैक्टर को बचाने के लिए जैसे ही मैंने जोरदार ब्रेक लगाया, ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और मेरा पैर ट्रक के नीचे बुरी तरह दब गया। हादसे में सुरेंद्र राय का पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि पीछे से आ रहे उनके भांजे ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को तुरंत साहेबपुर कमाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, ताकि उसे समय पर प्राथमिक उपचार मिल सके।

End of Feed