Begusarai News: बिहार के बेगूसराय में अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि अब दिनदहाड़े बीच सड़क पर गोलियां बरसाई जा रही हैं। ताजा घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है, जहां बेखौफ बदमाशों ने एक राज्य स्तरीय वॉलीबॉल खिलाड़ी को निशाना बनाया। इस वारदात के बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल है और स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घायल अवस्था में भर्ती खिलाड़ी
वॉलीबॉल खिलाड़ी को सरेराह मारी गोली
बेगूसराय के रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित ममता होटल के पास सोमवार को अपराधियों ने खूनी खेल खेला। मंझौल थाना क्षेत्र के रहने वाले वॉलीबॉल खिलाड़ी गोविंद कुमार अपनी मोटरसाइकिल से किसी काम के लिए बेगूसराय मेन बाजार आ रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने गोविंद को लक्ष्य कर कई राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से दो गोलियां उन्हें जा लगीं। गोली लगते ही गोविंद लहूलुहान होकर बीच सड़क पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए बड़ी आसानी से फरार हो गए। घटना के बाद बाजार में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घायल खिलाड़ी गोविंद कुमार को आनन-फानन में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
घटनास्थल से जिंदा कारतूस बरामद
वारदात की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। छानबीन के दौरान पुलिस ने सड़क से एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह के जनाक्रोश को नियंत्रित किया जा सके।
पुलिस के इकबाल पर उठते सवाल
इस गोलीबारी के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। लोगों का कहना है कि शहर में अब अपराधी पूरी तरह बेखौफ हो चुके हैं और पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है। दिनदहाड़े बीच बाजार में हुई इस फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
