Bareilly News: बरेली में आपसी विवाद के चलते शादी संपन्न हुए बिना ही बारात दरवाजे से लौट गई। बारात समय पर विवाह घर पहुंची, लेकिन किसी बात को लेकर वर-वधू पक्ष में अचानक विवाद हो गया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। जिसके बाद शादी की रस्में शुरू ही नहीं हो सकीं। दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया। दुल्हन पक्ष की ओर से दहेज मांग का आरोप लगाया गया, जबकि अन्य कारण भी सामने आए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। जिसके बाद दोनों पक्षों से पूछताछ की गई। फिलहाल मामला में पुलिस की जांच जारी है।
बरेली में दरवाजे से लौटी बारात
शादी से पहले के कार्यक्रम धूमधाम से हुए संपन्न
जानकारी के अनुसार कैंट थाना क्षेत्र में युगवीणा बारात घर में शादी का कार्यक्रम आयोजित था। जहां मुरली मनोहर की बेटी ज्योति की शादी प्रेम नगर नई बस्ती निवासी रामावतार के बेटे ऋषभ से होने वाली थी। शादी से पहले सगाई समेत अन्य रस्मों के कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुए। शादी वाले दिन तय समय पर बारात युगवीणा बारात घर पहुंची थी। लेकिन शादी की रस्में शुरू होने से पहले ही दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
वर पक्ष पर 20 लाख दहेज की मांग का आरोप
वधू पक्ष का आरोप है कि वर पक्ष ने 20 लाख रुपये दहेज की मांग की गई, जिसे पूरा न किए जाने पर उन्होंने शादी से इनकार किया गया। इसी आरोप के आधार पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। वहीं, सूत्रों के अनुसार इस घटना के पीछे एक अलग कारण भी सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि दूल्हे के मोटापे और बारात के दौरान बग्घी में सो जाने को लेकर दुल्हन ने असहमति जताई, जिसके बाद उसने शादी से मना कर दिया। इस कारण दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।
पुलिस ने दोनों पक्षों से ली तहरीर
सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू किया। पुलिस टीम दूल्हे, उसके पिता और कुछ करीबी बारातियों को पूछताछ के लिए थाने लेकरगई। हालांकि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध पाया गया। जिस कारण पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर सभी को छोड़ दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। दोनों पक्षों के बयानों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
