पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार में उतर आए हैं। हालांकि वे जमीनी स्तर पर वोट नहीं मांग रहे हैं। पहली बार उन्होंने डिजिटल माध्यम से चुनाव प्रचार करते हुए मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। पूरे चुनाव प्रचार अभियान से अब तक दूर रहे नीतीश कुमार ने वीडियो संदेश जारी कर एनडीए उम्मीदवार को विजयी बनाने की अपील की।
नीतीश कुमार ने भाजपा प्रत्याशी के लिए मांगे वोट।
नीतीश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि बांकीपुर के विकास और बिहार में एनडीए सरकार को मजबूत करने के लिए भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से जीत दिलाना जरूरी है। बता दें कि बांकीपुर सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद विधायक पद से इस्तीफा देने के कारण खाली हुई थी। इसके बाद चुनाव आयोग ने यहां उपचुनाव की घोषणा की।
सम्राट चौधरी और नितिन नवीन ने रोड शो कर मांगे वोट
वहीं इससे पहले,बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को जोरदार रोड शो किया। इसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, सांसद रविशंकर प्रसाद समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
रोड शो के दौरान नितिन नवीन ने कहा कि वह अपने परिवार और बांकीपुर की जनता के बीच हैं, जिन्होंने पिछले 30-40 वर्षों से उन्हें और उनके परिवार को लगातार आशीर्वाद दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस उपचुनाव में भाजपा की जीत तय है।
वहीं, नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और जनता का भरोसा एनडीए के साथ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में डबल इंजन की सरकार और मजबूत होगी।
वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बांकीपुर की जनता एक बार फिर कमल खिलाने जा रही है और उपचुनाव में भाजपा को भारी समर्थन मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र के मतदाता विकास और सुशासन के नाम पर एनडीए के साथ खड़े हैं।
इस सीट पर मुख्य उम्मीदवार
1. बीजेपी (NDA)
नीरज कुमार सिन्हा
भाजपा ने पहले अभिषेक बंटी को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उनका नामांकन वापस होने के बाद नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया।
2. जन सुराज
प्रशांत किशोर (PK)
सक्रिय राजनीति में आने के बाद उनका यह पहला विधानसभा चुनाव है।
3. आरजेडी (महागठबंधन)
रेखा गुप्ता
4. जन शक्ति जनता दल
वीणा मानवी
बता दें कि बांकीपुर को बीजेपी का सबसे मजबूत शहरी गढ़ माना जाता है। 1995 से लगातार इस सीट पर बीजेपी का कब्जा है। पहले नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा चार बार विधायक रहे। इसके बाद उनके बेटे नितिन नवीन लगातार पांच बार चुनाव जीत चुके हैं।
बांकीपुर उपचुनाव का गणित
बांकीपुर विधानसभा सीट का मतदाता प्रोफाइल राजधानी पटना के शहरी स्वरूप को दर्शाता है। यहां शिक्षित, नौकरीपेशा, कारोबारी, पेशेवर और बड़ी संख्या में छात्र मतदाता चुनावी नतीजों को प्रभावित करते हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इस सीट पर कुल 3,79,616 मतदाता हैं। इनमें 2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला और 23 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 164 भवनों में कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
अगर सामाजिक समीकरण की बात करें तो बांकीपुर को लंबे समय से कायस्थ बहुल सीट माना जाता है। हालांकि, चुनावी नतीजों में केवल एक समुदाय की भूमिका नहीं होती। बनिया, ब्राह्मण, भूमिहार, राजपूत, मुस्लिम और अनुसूचित जाति के मतदाता भी इस सीट पर हार-जीत तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उम्मीदवारों की रणनीति विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच संतुलन बनाने पर केंद्रित रहती है।
