अलवर से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मर्डर का मामला सामने आया है, जिसमें एक बैंक अधिकारी की मौत के पीछे उसकी पत्नी और उसके प्रेमी की साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि अवैध संबंधों के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया, जिसने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। फिलहाल, पुलिस हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अलवर में बैंक अधिकारी की हत्या में पत्नी शामिल
टैक्सी ड्राइवर के संपर्क में थी महिला
पुलिस के मुताबिक, मृतक बैंक अधिकारी की पत्नी का एक टैक्सी ड्राइवर से संपर्क हुआ, जो धीरे-धीरे नजदीकियों में बदल गया। जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच संबंध इतने गहरे हो गए कि उन्होंने साथ रहने का फैसला कर लिया। लेकिन इस रिश्ते के रास्ते में सबसे बड़ी बाधा महिला का पति (बैंक अधिकारी) था। लिहाजा उसे हटाने के लिए दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात से पहले आरोपियों ने घर से नकदी और जेवरात लेकर भागने की योजना बनाई थी, ताकि हत्या के बाद फरार होने में आसानी हो। इसके बाद उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से बैंक अधिकारी की हत्या कर दी। शुरुआत में मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का लग रहा था, लेकिन पुलिस को परिजनों से मिले इनपुट और कुछ अहम सबूतों ने जांच की दिशा बदल दी।
पुलिस को मिले ऑडियो क्लिप्स
पुलिस को मिले ऑडियो क्लिप्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों में आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी द्वारा धमकी और साजिश से जुड़े संकेत मिले हैं। इन सबूतों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। सीओ सिटी अंगद शर्मा ने बताया कि यह मामला बेहद गंभीर है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट-निर्मला कुमारी
