Bahraich Police Encounter: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रामगांव थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक वांटेड अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान फिरोज के रूप में हुई है, जिस पर 50 हजार का ईनाम घोषित है। उस पर 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। वहीं उसके फरार साथी की तलाश जारी है।
सांकेतिक फोटो
दो दिन पहले बौंडी इलाके में हुआ एनकाउंटर
पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले बौंडी थाना क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ था। जिसके दो साथी मौके से फरार हो गए थे। इन फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार अभियान चला रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि 50 हजार का इनामी बदमाश फिरोज एकलापुर के पास मौजूद है।
सूचना मिलते ही रामगांव थाना पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर बदमाश को रोकने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें फिरोज के पैर में गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
फरार बदमाश की तलाश कर रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, आरोपी फिरोज पर चोरी, लूट और अन्य आपराधिक मामलों समेत 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह अपने गिरोह के साथ मिलकर चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देता था। उसका एक साथ अभी भी फरार है। जिसकी तलाश में पुलिस में संभावित ठिकानों पर दबिश दे है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा
