बदायूं : जिले में मंगलवार शाम डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के राजा की सीकरी गांव में भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। घटना में बिसौली के सीओ अंशुमन श्रीवास्तव समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। एक हेड कॉन्स्टेबल के सिर में चोट लगी। उपद्रव के दौरान पुलिस की कई गाड़ियों और एक एंबुलेंस में भी तोड़फोड़ की गई।
बदायूं में आंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर बवाल (फोटो-AI)
विवाद ग्राम समाज की जमीन पर प्रतिमा लगाने को लेकर शुरू हुआ। जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया था। मंगलवार सुबह प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने का आरोप लगने के बाद मामला गरमा गया। सूचना मिलने पर एसडीएम प्रियंका और सीओ अंशुमन श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने दिनभर ग्रामीणों को समझाने और स्थिति शांत कराने की कोशिश की, लेकिन कुछ लोग उसी स्थान पर प्रतिमा लगाने की मांग पर अड़े रहे। शाम करीब 7:30 बजे हालात अचानक बिगड़ गए और भीड़ ने पुलिस पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, लेकिन कुछ देर तक पथराव जारी रहा।
पुलिस फोर्स के साथ PAC तैनात
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया, एडीएम अरुण कुमार और कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ PAC को मौके पर भेजा गया। फैजगंज बेहटा, बिसौली, बिल्सी, वजीरगंज और इस्लामनगर समेत करीब 10 थानों की पुलिस तैनात की गई। बाद में एसएसपी अंकिता शर्मा भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात लोगों को हिरासत में लिया है। अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। प्रतिमा को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया है।
एसएसपी अंकिता शर्मा के अनुसार, कुछ लोग ग्राम समाज की जमीन पर प्रतिमा लगाकर कब्जा करना चाहते थे। प्रशासन ने उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के लिए समझाने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि घटना में घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया जा रहा है और वाहनों में तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। गांव में फिलहाल पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
