Mumbai Amritsar Paschim Baby Born: मध्य प्रदेश में गुरुवार को चलती ट्रेन में इंसानियत और तत्परता की एक मिसाल देखने को मिली। मुंबई-अमृतसर पश्चिम एक्सप्रेस में सफर कर रही एक गर्भवती महिला को अचानक लेबर पेन शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल सक्रियता दिखाई और सहयात्रियों के सहयोग से महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने ट्रेन के अंदर ही एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
मुंबई-अमृतसर पश्चिम एक्सप्रेस में हुआ नन्ही परी का जन्म (प्रतीकात्मक फोटो)
अचानक शुरु हुआ लेबर पेन
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, महिला ट्रेन संख्या 12925 मुंबई-अमृतसर पश्चिम एक्सप्रेस से सूरत से नई दिल्ली की यात्रा कर रही थी। उसके साथ परिवार का एक सदस्य भी मौजूद था। यात्रा के दौरान जब ट्रेन रतलाम और खाचरोद रेलवे स्टेशनों के बीच पहुंची, तभी महिला को अचानक लेबर पेन शुरू हो गई।
ट्रेन के अंदर कराई गई डिलीवरी
महिला की तबीयत बिगड़ती देख एक सहयात्री ने तुरंत ट्रेन में मौजूद रेलवे कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी बिना देर किए संबंधित कोच में पहुंचे और उपलब्ध संसाधनों के साथ महिला की सहायता शुरू कर दी। कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई और यात्रियों के सहयोग से ट्रेन के अंदर ही सुरक्षित डिलीवरी कराई गई, जिसमें महिला ने एक नन्ही परी को जन्म दिया।
जरूरी इलाज के लिए भेजा गया अस्पताल
डिलीवरी के बाद रेलवे कर्मचारियों ने मां और नवजात की देखभाल करते हुए उन्हें साफ-सूखे कपड़े और कंबल उपलब्ध कराए, ताकि दोनों को आराम मिल सके और किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके बाद जैसे ही ट्रेन खाचरोद रेलवे स्टेशन पहुंची, महिला को उसके ससुर के साथ सुरक्षित ट्रेन से उतारा गया। रेलवे कर्मचारियों ने आगे की चिकित्सा व्यवस्था भी सुनिश्चित की और मां-बेटी को जरूरी इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
यात्रियों की हर संभव सहायता के लिए तत्पर
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों की संवेदनशीलता, समय पर की गई कार्रवाई और सहयात्रियों के सहयोग की बदौलत यह डिलीवरी पूरी तरह सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सका। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि आपातकालीन परिस्थितियों में रेलवे कर्मचारी न केवल अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के साथ यात्रियों की हर संभव सहायता के लिए भी तत्पर रहते हैं।
