Ayodhya Ram Mandir Update: अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर लगभग तैयार है। मंदिर का उद्घाटन 22 जनवरी, 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों होना है। इसी दिन प्रभु श्रीराम की गर्भगृह में प्राण-प्रतिष्ठा भी कराई जानी है। 500 साल की प्रतीक्षा के बाद असंख्य हिन्दुओं की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने जा रही है ऐसे में इस मौके को भव्य बनाने की पूरी तैयारी है। 22 जनवरी को अयोध्या में 'मिनी इंडिया' की झलक भी दिखाई देगी। इस कार्यक्रम में भारत की प्रत्येक जाति, धर्म, संप्रदाय, क्षेत्र और वैचारिक धाराओं से संबंधित गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का प्रयास है कि, भारत के प्रत्येक वर्ग के लोग इस स्वर्णिम पल के साक्षी बनें और उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो।
अयोध्या में बन रहा भव्य मंदिर। (फोटो क्रेडिट: X)
सूत्रों की मानें तो श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट राम मंदिर को विश्व की सर्वाधिक प्रसिद्ध धार्मिक इमारतों के रूप में विकसित करना चाहता है। इस काम में देश के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है इसलिए ये पहल की गई है। हालांकि ये बात तो तय है कि, इतने भव्य आयोजन को देखने के बाद दुनिया भी कह उठेगी- 'जय श्रीराम'
प्रत्येक धर्म-संप्रदाय के लोग आमंत्रित
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट ने भारत के सभी प्रांत-केंद्र शासित प्रदेश और वहां के धार्मिक संप्रदाय से जुड़े लोगों को राम मंदिर के उद्घाटन के कार्यक्रम में आमंत्रित किया है। खासकर इस आयोजन में सिख, बौद्ध और जैन उन सभी धर्म-संप्रदाय के लोगों को न्योता भेजा जा रहा है जिनके धर्म का प्रादुर्भाव सनातन धर्म से हुआ है। हालांकि आम जनता सुविधाजनक तरीके से दर्शन कर सके इसलिए अलग-अलग दिनों की व्यवस्था की जाएगी ताकि भीड़ प्रबंधन भी हो सके।
राजनीति जगत के लोग आमंत्रित
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के भव्य उद्घाटन समारोह में तमाम राजनीतिक दलों और राजनीति जगत से जुड़े लोगों को न्योता भेजा है। इसमें अखिलेश यादव, ममता बनर्जी और नवीन पटनायक जैसे नेता शामिल हैं। हालांकि एक लंबे समय से सोनिया गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं के नाम पर असमंजस बना हुआ था, लेकिन उन्हें भी न्योता भेजकर ट्रस्ट ने तस्वीर बिल्कुल साफ कर दी है।
कला जगत से जुड़े लोग भी आमंत्रित
सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट ने इस कार्यक्रम में कला जगत से जुड़े भी कई लोगों को न्योता भेजा जाएगा। जिसमें क्रिकेट, बॉलीवुड, साहित्य क्षेत्र से जुड़ी नामीचन हस्तियों के नाम सम्मिलित हैं। बता दें कि, जब ये हस्तियां स्वीकृति दे देंगी तभी इनके नाम सार्वजनिक किए जा सकेंगे। हालांकि ये तय है कि, उद्घाटन कार्यक्रम में हिंदी, तमिल, तेलगू, उर्दू सहित सभी भारतीय भाषाओं के साहित्यकारों को आमंत्रित किया जाएगा।
