Ram Mandir FSSAI: अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण यानि FSSAI ने ‘ईट राइट प्लेस ऑफ वर्शिप’ के तौर पर सर्टिफिकेट दिया है। दरअसल, मंदिर ने खाने की सुरक्षा और साफ-सफाई के सभी मानकों को पूरा किया है। यह सर्टिफिकेट FSSAI के सीईओ रजित पुनहानी ने अयोध्या में एक खास कार्यक्रम में सौंपा। यह सर्टिफिकेट दो साल तक मान्य रहेगा। इस बीच श्री राम जन्मभूमि मंदिर के ट्रस्टी महंत दिनेन्द्र दास ने रामकोट परिक्रमा और नवरात्रि शुरू होने के साथ भक्तों की बढ़ती भीड़ के बारे में बताया।
राम मंदिर (फोटो साभार- PTI)
नवरात्रि में बढ़ी अयोध्या में भीड़
महंत दिनेन्द्र दास ने बताया, "रामकोट परिक्रमा करीब डेढ़ से दो साल से हो रही है, जिसमें अलग-अलग जगहों से भक्त आ रहे हैं।" उन्होंने कहा कि आज सुल्तानपुर और बस्ती से कई लोग परिक्रमा करने और राम लला का आशीर्वाद लेने आए हैं। आज से नवरात्रि शुरू होने के साथ मंदिर में आने वाले भक्तों की संख्या बढ़ गई है। हिंदू धर्म में साल में चार नवरात्रि मनाई जाती हैं, लेकिन चैत्र और शारदीय नवरात्रि सबसे ज्यादा मनाई जाती हैं, क्योंकि ये मौसम बदलने के समय आती हैं। आज शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हुई है, जिसे राम नवरात्रि भी कहा जाता है। यह राम नवमी यानी भगवान राम के जन्मदिन पर खत्म होती है। नवरात्रि के सभी नौ दिन देवी ‘शक्ति’ के नौ रूपों की पूजा होती है। यह त्योहार पूरे भारत में बड़ी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है, जिसमें देवी के अलग-अलग रूपों की पूजा और प्रार्थना की जाती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- Mirzapur: मां विंध्यवासिनी के दरबार में गूंजे जयकारे, नवरात्र के पहले दिन भारी भीड़, चप्पे-चप्पे पर ड्रोन और कैमरों से नजर
माता वैष्णो देवी में लगी लंबी कतारें
गौरतलब है कि आज सुबह से ही देश भर के बड़े मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्त दर्शन और पूजा के लिए पहुंच रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में कटरा नगरी में त्योहार जैसा माहौल है। श्री माता वैष्णो देवी के दरबार में जाने के लिए बेस कैंप में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। दर्शन ड्योढ़ी से पहाड़ी चढ़ाई शुरू करने के लिए लंबी कतारें लगी हैं। श्री माता वैष्णो देवी भवन को सुंदर लाइटों से सजाया गया है, जिससे त्रिकुटा पहाड़ियों के बीच दिव्य माहौल बन गया है। इसी तरह की भक्ति कठुआ जिले में भी दिखी, जहां बिलावर के ऐतिहासिक सुकराला माता मंदिर में बड़ी भीड़ जुटी। मंदिर परिसर को ताजे फूलों और फलों से सजाया गया था। प्रशासन ने भीड़ को संभालने के लिए सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
